हिमाचल के कांगड़ा एयरपोर्ट से माता वैष्णों देवी की नगरी जम्मू के लिए शुरू होगी उड़ान, धार्मिक पर्यटन चमकेगा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा एयरपोर्ट से माता वैष्णो देवी की नगरी जम्मू के लिए जल्द ही सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। इससे दोनों क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

कांगड़ा एयरपोर्ट से माता वैष्णों देवी की नगरी जम्मू के लिए हवाई उड़ान शुरू होगी।
HighLights
कांगड़ा एयरपोर्ट से जम्मू के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होगी।
माता वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा।
यह उड़ान धार्मिक, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देगी।
संवाद सहयोगी, गगल (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच हवाई कनेक्टिविटी शुरू होगी। माता वैष्णों देवी की नगरी के लिए हिमाचल के कांगड़ा एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू की जाएगी। कांगड़ा एयरपोर्ट से जल्द ही जम्मू के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। इस सेवा के शुरू होने से दोनों क्षेत्रों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और सड़क मार्ग की अपेक्षा यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा।
कांगड़ा एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार एयरपोर्ट को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने और इसकी सुविधाओं का विस्तार करने की तैयारी चल रही है। एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार और अपग्रेडेशन से पहले ही यहां से जम्मू के लिए उड़ान सेवा शुरू करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
विमानन कंपनियां सेवाओं के लिए तैयार
विमानन कंपनियों की ओर से भी इस रूट पर उड़ान संचालन को लेकर रुचि दिखाई गई है। एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि जम्मू के लिए हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में कागजी और तकनीकी प्रक्रिया जारी है। आवश्यक औपचारिकताएं और मंजूरियां पूरी होने के बाद इस रूट पर उड़ान शुरू की जा सकेगी।
कुछ महीनों में उड़ान संभव
उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले कुछ महीनों के भीतर कांगड़ा एयरपोर्ट से जम्मू के लिए पहली उड़ान रवाना हो सकती है। हालांकि, सेवा को नियमित रूप से शुरू करने से पहले सभी आवश्यक मंजूरियां और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी करना जरूरी हैं, जिसके चलते इसमें कुछ समय लग सकता है।
धार्मिक व पर्यटन महत्व
जम्मू के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना और आसपास के क्षेत्र के वैष्णों देवी जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। वहीं जम्मू-कश्मीर से हिमाचल आने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों के लिए भी कांगड़ा तक पहुंचना आसान हो जाएगा। सीधी हवाई सेवा शुरू होने से धार्मिक, पर्यटन, व्यापार और आपसी संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कांगड़ा एयरपोर्ट से जम्मू के लिए उड़ान शुरू होना एयरपोर्ट के विस्तार और हवाई संपर्क बढ़ाने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है। इससे आने वाले समय में कांगड़ा एयरपोर्ट से और नए हवाई रूट जुड़ने की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।
