हिमाचल पंचायत चुनाव: कांगड़ा की 282 पंचायतों में चुने गए जनप्रतिनिधि, दूसरे चरण में महिलाओं का बढ़ा मतदान
कांगड़ा जिले में पंचायती राज संस्थानों के दूसरे चरण के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए, जिसमें 282 पंचायतों के लिए जनप्रतिनिधि चुने गए। ...और पढ़ें
-1779987350177_m.webp)
हिमाचल पंचायत चुनाव: कांगड़ा की 282 पंचायतों में चुने गए जनप्रतिनिधि (जागरण फोटो)
HighLights
कांगड़ा में पंचायती चुनाव का दूसरा चरण संपन्न
282 पंचायतों में जनप्रतिनिधियों का हुआ चुनाव
महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। पंचायती राज संस्थानों के दूसरे चरण के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गए हैं। कांगड़ा जिले में 18 विकास खंडों की 282 पंचायतों के लिए जनप्रतिनिधि चुने गए हैं। दूसरे चरण में 282 पंचायतों में हुए चुनाव के लिए कुल 3,95,657 मतदाताओं में से 3,02,410 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इनमें 1,99,834 पुरुष मतदाताओं में से 1,42,248 जबकि 1,96,021 महिला मतदाता में से 1,60,162 ने मतदान किया।
पहले चरण की तुलना में दूसरे चरण में 0.43 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है। पहले चरण में 75.96 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि दूसरा चरण में वीरवार को 76.39 प्रतिशत मतदान हुआ है। दूसरे चरण के मतदान को लेकर जिला कांगड़ा में 1616 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
इसमें सबसे ज्यादा नगरोटा बगवां में विकास खंड में 82.56 जबकि सबसे कम लंबागांव विकास खंड में 66.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उत्साह ऐसा था कि जैसे-जैसे सूरज की गर्मी बढ़ रही थी, उसी तरह से मतदाताओं की भीड़ मतदान केंद्रों में बढ़ी।
100 साल से अधिक के बुजुर्गों के साथ नए मतदाताओं ने भी अपने मत का प्रयोग किया। वहीं, देर शाम को परिणाम घोषित कर दिए गए। परिणाम घोषित होते ही अपने प्रत्याशियों की जीत पर लोगों ने देर रात तक पटाखे भी फोड़े और कई जगहों पर जश्न का माहौल बना रहा। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए हैं। अब अगले चरण के लिए तैयारी की जा रही है।
खबरें और भी
मतदान में पुरुषों की तुलना में 10.53 प्रतिशत अधिक रही महिलाओं की भागीदारी
कांगड़ा जिले में दूसरे चरण के हुए मतदान में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की भागीदारी 10.53 प्रतिशत ज्यादा रही है। पुरुषों की मत प्रतिशतता 71.18 जबकि महिलाओं की 81.71 प्रतिशत दर्ज की गई। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो 1,42,248 पुरुष जबकि 1,60,162 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।