कांगड़ा में चोरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: तीन किए गिरफ्तार, दिन में रेकी और रात को करते थे चोरी; उगले कई राज
पंचरुखी पुलिस ने कांगड़ा में 9 लाख रुपये के गहनों की चोरी के मामले को 24 घंटे में सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में रेकी कर ...और पढ़ें

कांगड़ा में चोरी की वारदातों पर पुलिस ने एक्शन लिया है। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
पंचरुखी पुलिस ने 9 लाख की चोरी 24 घंटे में सुलझाई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दिन में रेकी कर रात में चोरी करते थे।
चोरी के गहने मात्र 15 हजार में बेचे गए थे।
संवाद सहयोगी, पंचरुखी (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में चोरों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। पंचरुखी पुलिस ने भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में हुई करीब नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों की चोरी की वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अब तीनों आरोपियों को पुलिस न्यायालय में पेश करेगी और मामले की आगामी जांच के लिए पुलिस रिमांड की मांग करेगी।
बता दें कि भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में चोरों द्वारा सोमवार रात्रि एक सूने मकान को निशान बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। यहां चोरी भुआणा निवासी श्रवण कुमार के घर में की गई थी, जबकि घर के सदस्य बैजनाथ स्थित सुसराल में जन्मतिथि समारोह में भाग लेने के लिए गए हुए थे।
थाना पंचरुखी प्रभारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह, कालू राम और बॉबी कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपित बैजनाथ में बिनवा खड्ड के पास रेलवे पुल के नीचे बनी झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं। इनमें गुरदीप सिंह और कालू राम आपस में सगे भाई हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित पिछले करीब 40 वर्षों से बैजनाथ क्षेत्र में रह रहे हैं और अन्य राज्य के परिवारों से संबंधित हैं। इनके खिलाफ पहले भी बैजनाथ थाना और जोगिंद्रनगर थाना में चोरी के मामले दर्ज हैं।
बैजनाथ में बनाई चोरी की योजना
पुलिस ने बताया कि कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों के अनुसार उन्होंने सबसे पहले बैजनाथ में चोरी की योजना बनाई और एक बिना नंबर की बाइक लेकर चोरी के लिए निकले। इसके बाद वे नागटा पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने एक ऐसे घर का ताला तोड़ा, जिसमें कोई मौजूद नहीं था, लेकिन वहां से उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ।
इसके बाद तीनों आरोपी भरवाना पंचायत के भुआणा गांव पहुंचे और एक घर का ताला तोड़कर वहां से करीब नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। चोरी के बाद वे वापस बैजनाथ स्थित अपनी झुग्गी में पहुंच गए।
सीसीटीवी फुटेज से आए पकड़ में
पंचरुखी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को बैजनाथ से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अभी तक चोरी किए गए गहनों की बरामदगी नहीं हुई है।
15 हजार में बेच दिए 9 लाख के गहने
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी के गहने बैजनाथ के एक व्यक्ति को मात्र 15 हजार रुपये में बेच दिए थे और तीनों ने आपस में पांच-पांच हजार रुपये बांट लिए थे। पुलिस अब गहने खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
खबरें और भी
अन्य चोरी के वारदात से भी हो सकता है कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान चोरी की अन्य वारदातों और आरोपियों के साथ जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
दिन में रेकी करते थे
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि वे दिन के समय कभी-कभार दिहाड़ी मजदूरी करते थे, जबकि मंगलवार और शनिवार को भगवान के वेश (बेहरूपिया) में गांव-गांव जाकर पैसे मांगने के बहाने घरों की रेकी करते थे और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
लम्लेहड़ में चोरी की थी योजना
आरोपियों ने यह भी बताया कि रविवार को उन्होंने लम्लेहड़ पंचायत के मट्ट गांव में चोरी करने की योजना बनाई थी, लेकिन घर के लोगों के जाग जाने और गांव में शोर मचने के कारण वे मौके से भाग निकले।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना पंचरुखी प्रभारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्होंने चोरी की वारदात कबूल की है। जल्द ही चोरी किए गए सामान की बरामदगी की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।