Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरसात में पहाड़ों पर जरा संभल कर, अटल टनल मार्ग पर सफेद आफत ने मुश्किल किया सफर; पुलिस ने जारी की एडवायजरी

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sun, 19 Jul 2026 01:32 PM (IST)

    बरसात में मनाली से अटल टनल मार्ग पर सोलंगनाला से धुंधी तक घने कोहरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। पुलिस ने वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चल ...और पढ़ें

    अटल टनल रोहतांग के पास छाई धुंध। जागरण

    अटल टनल रोहतांग के पास छाई धुंध। जागरण

    HighLights

    1. मनाली-अटल टनल मार्ग पर सोलंगनाला से धुंधी तक घना कोहरा।

    2. घने कोहरे के कारण दुर्घटना का खतरा, पुलिस ने दी सावधानी की सलाह।

    3. लाहुल-स्पीति में पर्यटकों की आमद जारी, शिंकुला में बर्फ के दीदार।

    जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों का सफर बरसात में जोखिम भरा हो गया है। मनाली से अटल टनल रोहतांग की ओर सफर पर जा रहे हैं तो आपके लिया यह जानकारी महत्वपूर्ण है। मनाली से अटल टनल के बीच सोलंगनाला से धुंधी तक लगभग सात किमी के क्षेत्र में धुंध छा रही है। भारी धुंध के कारण वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।
    गत शनिवार को भी धुंध के कारण अटल टनल मार्ग पर वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मनाली पुलिस ने चालकों को ध्यानपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी है। इस हादसे में दो पर्यटक घायल हो गए।

    लाहुल-स्पीति व लेह जा रहे पर्यटक

    वीकेंड के चलते दो दिन से मनाली में सैलानियों की आमद बढ़ी है। मनाली के होटलों में हालांकि 25 से 30 प्रतिशत ही आक्यूपेंसी है, लेकिन इन दिनों लाहुल स्पीति के पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हैं। लेह लद्दाख सहित स्पीति घाटी के लिए पर्यटक मनाली से होकर ही जा रहे हैं। यह पर्यटक एक दिन के लिए मनाली में ठहर रहे हैं। इस कारण मनाली में भी हल्की रौनक जारी है। 

    शिंकुला में बर्फ के दीदार

    मनाली आने वाले पर्यटक इन दिनों लाहुल घाटी के शिंकुला दर्रे में बर्फ के दीदार कर रहे हैं। हालांकि यह दर्रा मनाली से 140 किमी दूर है लेकिन सड़कें बेहतर होने से पर्यटक सुबह मनाली से चलकर शाम को मनाली लौट रहे हैं। 

    ये डेस्टिनेशन भा रहीं पर्यटकों को

    अधिकतर पर्यटकों ने इन दिनों लाहुल घाटी के मशहूर पर्यटन स्थल दारचा, जिसपा, गेमूर, केलंग, तांदी, गोंदला, सिस्सु व कोकसर सहित स्पीति घाटी में डेरा डाला हुआ है। 

    क्या कहते हैं होटलियर्स

    होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि बरसात के कारण पर्यटकों की आमद घटी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सड़कें व हालात सामान्य होने से पर्यटक कुल्लू-मनाली का रुख कर रहे हैं। वीकेंड में पर्यटकों की आमद बढ़ रही है। 

    खबरें और भी

    पुलिस की एडवायजरी

    डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा पिछले दो दिन से सोलंग व अटल टनल रोहतांग क्षेत्र में भारी धुंध छा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से आग्रह किया कि वह वाहन ध्यान पूर्वक चलाएं। धुंध में रफ्तार कम रखें।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में भरभराकर दरका पहाड़, भयावह मंजर देख लोगों की निकल गई चीखें; चंबा का सिहुंता-लाहड़ू रोड बंद