हिमाचल की महिला हेल्थ वर्कर के हौसले को सलाम, बच्चों को पोलियो खुराक देने के लिए जान जोखिम में डाल पार किया उफनता नाला
लाहुल स्पीति की स्वास्थ्य कार्यकर्ता पलजोम बुट्टी ने उफनते नाले को बुलडोजर की मदद से पार कर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और साह ...और पढ़ें
HighLights
स्वास्थ्य कार्यकर्ता पलजोम बुट्टी ने दिखाया अदम्य साहस।
उफनते नाले को बुलडोजर से पार कर पोलियो खुराक पिलाई।
उनकी कर्तव्यनिष्ठा की देशभर में हो रही है सराहना।
जसवंत ठाकुर, मनाली। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति के तिगरट बूथ पर तैनात स्वास्थ्य कार्यकर्ता पलजोम बुट्टी ने विषम परिस्थियों में साहस व कर्तव्य निष्ठा का परिचय दिया है। बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाने के लिए हेल्थ वर्कर ने जान जोखिम में डाल दी। राह में आड़े आए उफनते नाले को उन्होंने बुलडोजर की मदद से पार किया और राष्ट्रीय सघन पोलियो प्रतिरक्षण अभियान को सफल बनाया।
उनके इस इस समर्पण भाव की जिला लाहुल स्पीति सहित देश व प्रदेश में सराहना ही रही है। उनके डोजर में बैठकर उफनते नाले का वीडियो सोशल मीडिया में भी जारी हुआ है। जिस तरह से उन्होंने उफनते नाले को बुल्डोजर में बैठकर पार किया वह सराहनीय है।
नदी व नाले उफान पर
पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों में भी तापमान बढ़ने लगा है, जिस कारण घाटी के नदी व नाले उफान पर हैं। लाहुल घाटी के तिगरट में भी नाला उफान पर था। नाला पार करने का कोई सुरक्षित साधन नहीं था। इसके बावजूद पलजोम ने हिम्मत से काम लिया और डोजर की मदद से नाला पार कर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह समर्पण प्रेरणादायक
कठिन परिस्थितियों में उन्होंने समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। स्थानीय निवाी नोरबू, दीपक, टशी व तेंजिन डोलमा ने उनके जज्बे की सराहना की ओर उनके समर्पण को प्रेरणादायक बताया।
विधायक अनुराधा ने भी की सराहना
लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता पलजोम समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रकृतिक चुनौती के बीच भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया है।