कुल्लू में बिजली महादेव नहीं, पिरड़ी से काइसधार तक बनेगा रोपवे; परियोजना की लंबाई बढ़ी और नाम भी बदला
कुल्लू में अब बिजली महादेव के बजाय पिरड़ी से काइसधार तक रोपवे बनेगा। इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृज ...और पढ़ें

कुल्लू में पिरड़ी से काइसधार तक रोपवे का निर्माण किया जाएगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पिरड़ी से काइसधार तक चार किलोमीटर लंबा होगा रोपवे
पर्यटन स्थल काइसधार तक पहुंचने में होगी सुविधा
रोपवे निर्माण के लिए सरकार से मिली सैद्धांतिक मंजूरी
संजय कुमार, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में अब बिजली महादेव नहीं पिरड़ी से काइसधार तक रोपवे का निर्माण किया जाएगा। इससे कुल्लू-मनाली घूमने आने वाले सैलानियों को नया पर्यटन स्थल घूमने को मिलेगा। रोपवे बनने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। पंचायत बल्ह दो व बाराहार ने अनापत्ति प्रमाणपत्र दे दिया है। इसका नाम महाराजा रोपवे होगा और इसकी लंबाई चार किलोमीटर होगी।
पहले सरकार ने पिरड़ी से बिजली महादेव तक निर्माण को मंजूरी दी थी, लेकिन खराहल घाटी व कशावरी फाटी के लोगों ने इसका विरोध किया था। इस कारण रोपवे का निर्माण कार्य बंद करना पड़ा था।
विकास मंच ने लिखा था विधायक को पत्र, मिली मंजूरी
इसके बाद महाराजा कोठी विकास मंच ने महाराजा क्षेत्र में रोपवे के निर्माण के लिए विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को पत्र सौंपा था। विधायक ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को पत्र प्रेषित कर स्वीकृति मांगी थी। बिजली महादेव रोपवे के लिए ढाई सौ करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। अब रोपवे का निर्माण महाराजा कोठी की पंचायत बल्ह दो व बाराहार के अधिकार क्षेत्र में किया जाना है। सरकार ने इसे सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
4 किलोमीटर होगी रोपवे लंबाई
रोपवे निर्माण के लिए ड्रोन से पंचायत बल्ह दो व बाराहार में सर्वे हो चुका है। पिरड़ी से बिजली महादेव तक रोपवे की लंबाई लगभग तीन किलोमीटर थी। अब पिरड़ी से काइसधार तक चार किलोमीटर लंबा रोपवे बनेगा। निर्माण राशि को ढाई सौ करोड़ से बढ़ाकर तीन सौ करोड़ रुपये किया गया है। रोपवे निर्माण के लिए औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
पिरड़ी से काइसधार तक बनने वाले रोपवे के लिए सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। रोपवे के निर्माण के लिए दो पंचायतों के लोगों ने समर्थन दिया है। काइसधार के पर्यटन स्थल है, लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को उचित सुविधा नहीं मिल रही है। रोपवे बनने से काइसधार में अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे।
-सुखराम ठाकुर, सचिव, महाराजा कोठी विकास मंच।