कुल्लू के होटल में पुलिस ने बरामद किया 104 ग्राम चिट्टा, पंजाब और हिमाचल के दो युवक पकड़े; अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े तार
कुल्लू के भुंतर में पुलिस ने होटल विभावन से 104 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस कार्रवाई में कुल्लू और पंजाब के लुधियाना से दो युवक निखिल शर्मा और शिव ...और पढ़ें

कुल्लू के होटल में चिट्टे के साथ दो युवक पकड़े गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
भुंतर के होटल से 104 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
कुल्लू और पंजाब के दो युवक मौके से गिरफ्तार किए गए।
अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई चेन से जुड़े हो सकते हैं तार।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के भुंतर क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीती रात थाना भुंतर के अंतर्गत छोटा भुईन स्थित होटल विभावन के कमरा नंबर 205 में दबिश देकर पुलिस ने 104 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर पर्यटन क्षेत्र में नशे की बढ़ती गतिविधियों और बाहरी राज्यों से जुड़े नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, कमरे में ठहरे दो युवक 32 वर्षीय निखिल शर्मा निवासी गांव पारला, भुंतर जिला कुल्लू और 32 वर्षीय शिव कुमार निवासी मंगली निचली, जिला लुधियाना (पंजाब) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
होटल से नशे की खेप ठिकाने लगाने की फिराक में थे शातिर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित होटल में ठहरकर नशे की खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। इतनी बड़ी मात्रा को देखते हुए इसे व्यावसायिक तस्करी की दिशा में अहम कड़ी माना जा रहा है।
अंतरराज्यीय सप्लाई चेन से जुड़े तार
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ थाना भुंतर में मामला दर्ज कर लिया हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस मामले के तार अंतरराज्यीय सप्लाई चेन से जुड़े हो सकते हैं। होटल में ठहरने का तरीका यह संकेत देता है कि तस्कर पर्यटक भीड़ और अस्थायी ठिकानों का फायदा उठाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
खबरें और भी
पुलिस कर रही पड़ताल
स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से आरोपितों के मोबाइल डाटा, कॉल डिटेल्स और लेन-देन की पड़ताल कर रही है। होटल प्रबंधन की भूमिका और पूर्व में ठहरने वाले संदिग्धों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें: चिट्टे के मामलों में संलिप्त आरोपी नहीं लड़ पाएंगे पंचायत चुनाव, हिमाचल सरकार ने उठाया सख्त कदम
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी और नेटवर्क में शामिल हर कड़ी तक पहुंच बनाई जाएगी। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। इसमें जो भी शामिल पाया जाएगा उस पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।