विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में चंद्रभागा नदी पर बन गई एक KM से ज्यादा लंबी झील, लाहुल में मंडराया खतरा; जोबरंग पुल डूबा

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 05 Jul 2026 03:25 PM (IST)Updated: Sun, 05 Jul 2026 03:57 PM (IST)

हिमाचल के लाहुल-स्पीति में जाहलमा नाले से आए मलबे के कारण चंद्रभागा नदी में एक किलोमीटर से लंबी झील बन ...और पढ़ें

HighLights

  1. जाहलमा नाले से मलबा आने से चंद्रभागा में झील बनी।

  2. एक किलोमीटर से लंबी झील बनी, जोबरंग पुल डूबा।

  3. कई गांवों की आवाजाही ठप, प्रशासन ने दी सलाह।

जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिला में नई मुसीबत पैदा हो गई है। पिछले कुछ दिनों से जाहलमा नाले में पानी के साथ बड़े-बड़े पत्थर व मलबा आ रहा है, जिससे चंद्रभागा नदी में झील बन रही है। एक किलोमीटर से ज्यादा क्षेत्र में यह झील बन गई है। झील बनने से जोबरंग पुल व आसपास के खेत डूब गए हैं। नदी का पानी जोबरंग पुल के ऊपर से बह रहा है। इस कारण जोबरंग सहित रापे व राशेल गांव के ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है।

Chandra Bhagar River

भूमि कटाव से बढ़ी मुश्किल

जाहलमा नाले में पानी के साथ मलबा आने की समस्या पिछले चार साल से चली आ रही है। नाले में आ रही बाढ़ से भारी मात्रा में भूमि कटाव हो रहा है, जिस कारण आसपास के ग्रामीणों की दिक्कत बढ़ गई है। 

जाहलमा नाला बना मुसीबत 

जाहलमा नाले में बना पुल मई महीने में हुए भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया है। डेढ़ महीने से समस्त उदयपुर उपमंडल के लोगों सहित पांगी घाटी के लोग बीआरओ की अस्थायी पुलिया से काम चला रहे हैं। हालांकि बीआरओ नाले में पुल निर्माण युद्धस्तर पर कर रहा है लेकिन जब तक पुल नहीं बनता तब तक मनाली तांदी मार्ग पर सफर करने वालों को समस्या का सामना करना पड़ेगा।

Chandra Bhagar River lake

जाहलमा सहित मयाड़ व जिसपा नालों में आ रही बाढ़ राहगीरों के लिए आफत बन गई है। दोपहर बाद इन नालों में पानी अधिक बढ़ रहा है जिस कारण भारी परेशानी हो रही है। 

प्रशासन की सलाह

मायड़ घाटी में भी नालों में बाढ़ की स्थिति बनने से ग्रामीणों की दिक्कत बढ़ी है। लाहुल स्पीति प्रशासन ने परिस्थितियों को देखकर ही घाटी में सफर करने की सलाह दी है। इस झील से जसरथ, फिरोथ सहित 5 गांवों के अलावा पांगी तक खतरा है। 

उधर, विधायक अनुराधा राणा का कहना है कि परिस्थिति पर नजर है। अभी नदी का बहाव चल रहा है। प्रशासन को हालात पर नजर रखने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें: मनाली-लेह हाईवे बना 'नाला', सड़क पर बाढ़ ने जोखिमभरा किया पर्यटकों का सफर, सुरक्षित यात्रा का क्या है विकल्प?