कुल्लू में चढ़ाई पर फंसी गाड़ी को धक्का लगाने उतरी पत्नी और नाले में जा गिरी कार, पति की मौत; बेबस खड़ी रही महिला
कुल्लू के चचोगी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। चढ़ाई पर गाड़ी रुकने ...और पढ़ें

कुल्लू में चढ़ाई पर कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
कुल्लू के चचोगी में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत।
पत्नी के धक्का देने के दौरान अनियंत्रित हुई कार।
80 फीट गहरे नाले में गिरने से व्यक्ति की जान गई।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में जिला कुल्लू के चचोगी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चढ़ाई पर गाड़ी रुकने के बाद पत्नी उसे धक्का देने के लिए नीचे उतरी और इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर करीब 80 फीट नीचे नाले में जा गिरा।
पुलिस के अनुसार, मढ़ी, नगर निवासी नरेंद्र कुमार परिवार सहित अपनी गाड़ी संख्या एचपी-34-2640 में घर लौट रहे थे। चचोगी के पास चढ़ाई पर अचानक वाहन रुक गया।
इसके बाद उनकी पत्नी गाड़ी से नीचे उतरी और उसे धक्का देने लगी। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और गाड़ी सड़क से नीचे लुढ़कते हुए करीब 80 फीट नीचे नाले में जा गिरी।
अस्पताल में मृत घोषित
हादसे में नरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस हादसे की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर ने की।
