कुल्लू में अवैध संबंधों के शक में जलशक्ति विभाग के JE की हत्या, महिला डॉक्टर समेत चार गिरफ्तार
कुल्लू पुलिस ने जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है, जिसमें एक महिला डॉक्टर, उनके पति, ससुर और देवर को ग ...और पढ़ें

कुल्लू में अवैध संबंधों के शक में जलशक्ति विभाग के जेई की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
जलशक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या।
महिला डॉक्टर, पति, ससुर, देवर अवैध संबंध के शक में गिरफ्तार।
सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर शव को फेंका गया।
जागरण संवाददाता, कुल्लू। जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड में कुल्लू पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महिला डॉक्टर, उसके चिकित्सक पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, छह दिन तक चली गहन जांच के बाद विशेष जांच दल (एसआइटी) ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा दी। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण कथित प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों का शक सामने आया है। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की शाम कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया को पानी की पाइप लाइन देखने के बहाने गांधीनगर स्थित घर बुलाया गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चारों आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नाले के पास फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
सुनियोजित तरीके से रची हत्या की साजिश
एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित एसआइटी ने मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और घरेलू सहायिका के बयान सहित कई महत्वपूर्ण तथ्यों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों को महिला डॉक्टर और मृतक जेई के बीच कथित संबंधों का संदेह था, जिसके चलते सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची गई।
गिरफ्तार आरोपियों में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यरत महिला डॉक्टर शाम्भवी ठाकुर, उनके पति आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. करण ठाकुर, ससुर विजय सिंह और देवर दिनेश ठाकुर शामिल हैं। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है।
खबरें और भी
परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हुई कार्रवाई
एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि पूरे मामले में वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। जांच अभी जारी है और यदि आगे कोई नए तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे कुल्लू जिले में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।