Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भारी बारिश और भूस्खलन से सड़कें बंद, दो दिन से कुल्लू के शांघड़ में फंसे 50 टूरिस्ट; रूटीन सप्लाई भी ठप

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 29 Jul 2026 02:52 PM (GMT+05:30)

    भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कुल्लू के शांघड़ में 48 घंटे से अधिक समय से 50 से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं। सड़कें बंद होने से आवश्यक आपूर्ति ठप हो गई ह ...और पढ़ें

    HighLights

    1. शांघड़ में 50 से अधिक पर्यटक 48 घंटे से फंसे हुए हैं।

    2. भूस्खलन के कारण रोपा-शांघड़ सड़क पूरी तरह अवरुद्ध।

    3. सड़क बंद होने से आवश्यक आपूर्ति ठप, जनजीवन प्रभावित।

    झावे राम ठाकुर, सैंज (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं। जिला कुल्लू में बंजार उपमंडल के प्रसिद्ध पर्यटन नगरी शांघड़ का संपर्क 48 घंटे से पूरी तरह कटा हुआ है। सुचेहण कैंची के पास हुए भारी भूस्खलन के कारण रोपा-शांघड़ सड़क बंद पड़ी है, इस कारण स्थानीय लोगों सहित 50 से ज्यादा पर्यटक भी यहां फंस गए।

    कुछ पैदल निकले

    कुछ पर्यटक कई किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचे और वापस लौट गए हैं, जबकि 30 से ज्यादा पर्यटक अभी भी शांघड़ में फसे हैं। पर्यटक चेन्नई, बेंगलुरू और असम के बताए जा रहे हैं।

    पर्यटक नहीं जा पा रहे वापस, रूटीन सप्लाई भी ठप

    सड़क बंद होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि कई स्थानीय लोग जरूरी कार्यों के लिए बाहर नहीं निकल सके। सड़क बंद होने के कारण शांघड़ में होटल व्यवसाय, टैक्सी संचालन और दैनिक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। रूटीन सप्लाई ठप होने से पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। 

    क्या कहते हैं टैक्सी चालक

    टैक्सी चालक रमेश कुमार, नीशू, प्रवीन कुमार और संदीप कुमार ने बताया कि वे पर्यटकों को शांघड़ छोड़ने आए थे, लेकिन सड़क बंद होने के कारण पिछले 48 घंटे से यहीं फंसे हुए हैं।

    भूस्खलन से मकानों को भी खतरा

    सुचेहण कैंची के पास पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। स्थानीय निवासी यान सिंह का कहना है कि भूस्खलन से उनके मकान और जमीन को खतरा पैदा हो गया है। उनका आरोप है कि जब तक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक सड़क बहाली का कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क बहाल करने के लिए मशीनें भेज दी गई हैं और हालात सामान्य होते ही यातायात बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।


    यह भी पढ़ें: हिमाचल में आफत की बारिश: धर्मशाला में भूस्खलन से खतरे में बहुमंजिला भवन और म्यूजियम, बस अड्डे में गिरा मलबा

    खबरें और भी