कुल्लू में सड़क हादसे के बाद बवाल, कार से टक्कर होने पर लोगों ने ट्रक पर किया पथराव, ड्राइवर को पीटा
कुल्लू-मनाली राजमार्ग पर रायसन में सड़क हादसे के बाद विवाद बढ़ गया। ट्रक-कार टक्कर के बाद ट्रक चालक ने मारपीट, पथराव और वाहन में तोड़फोड़ का आरोप लगाय ...और पढ़ें

कुल्लू के रायसन में ट्रक में तोड़फोड़ करते लोग।
HighLights
कुल्लू-मनाली राजमार्ग पर सड़क हादसे के बाद बवाल।
ट्रक चालक पर मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का आरोप।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायसन क्षेत्र में बारिश के दौरान हुए एक सड़क हादसे के बाद बवाल हो गया। ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर के बाद मामला बढ़ गया। ट्रक चालक ने अपने साथ मारपीट, पथराव और वाहन में तोड़फोड़ किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सड़क हादसों के बाद लोगों के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान रायसन के समीप एक ट्रक नंबर एचपी 24 डी 4787 और कार नंबर एचपी 58-6451 के बीच टक्कर हो गई।
बहस के बाद बुलाए लोगों ने किया ट्रक पर पथराव
हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। ट्रक चालक का आरोप है कि कार चालक ने बहस के बाद अपने कुछ परिचितों को मौके पर बुला लिया, इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। चालक के अनुसार, मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्रक पर पथराव किया, वाहन के शीशे और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया तथा उसके साथ मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
वीडियो व फोटो के आधार पर पुलिस ने जांच की तेज
ट्रक चालक ने घटना से जुड़े वीडियो और फोटो पुलिस को उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। घटना ने यह बहस फिर छेड़ दी है कि सड़क दुर्घटनाओं के बाद न्याय की प्रक्रिया कानून के माध्यम से होनी चाहिए या फिर लोग स्वयं फैसला करने लगें।
क्या कहते हैं एसपी कुल्लू
पुलिस आदिक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।