दिल्ली से हिमाचल के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के रूट में बदलाव, यात्रियों को हो सकती है परेशानी
अंब-अंदौरा से नई दिल्ली जाने वाली 22448 वंदे भारत एक्सप्रेस का बुधवार को रूट बदला गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है। अंबाला-दिल्ली रेलवे स ...और पढ़ें

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के रूट में बदलाव किया गया है। जागरण आर्काइव
HighLights
वंदे भारत एक्सप्रेस 22448 का रूट बदला गया।
अंबाला-दिल्ली सेक्शन पर मरम्मत कार्य है कारण।
यात्रियों को देरी और असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
जागरण टीम, रक्कड़ (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में ऊना के अंब-अंदौरा और देश की राजधानी नई दिल्ली के बीच चलने वाली 22448 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बदला गया है। बुधवार को ट्रेन परिवर्तित मार्ग से होकर चलेगी। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रूट बदलने से ट्रेन तय समय पर नहीं पहुंच पाएगी।
अंबाला-दिल्ली रेलवे सेक्शन पर मरम्मत कार्य
उत्तर रेलवे द्वारा अंबाला-दिल्ली रेलवे सेक्शन पर तकनीकी व मरम्मत कार्य प्रगति पर हैं। इस कारण बीते 30 मई से इस रूट की कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं। वहीं कई ट्रेनों का रूट परिवर्तित किया गया है। जिस वजह से 22448 अंब अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी भी प्रभावित हुई है।
रूट बदलने से विलंब से पहुंचेगी ट्रेन
ये ट्रेन अंबाला छावनी जंक्शन से वाया सहारनपुर जंक्शन, मेरठ शहर, गाजियाबाद जंक्शन के रास्ते अपने गंतव्य स्टेशन नई दिल्ली पहुंचेगी। परिवर्तित मार्ग से होकर गुजरने के कारण इसके अपने गंतव्य स्टेशन पर विलंब से पहुंचने की संभावना हैं।
ये है ट्रेन की टाइमिंग
वंदे भारत एक्सप्रेस ऊना के अंब अंदौरा से दोपहर 1:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है, और शाम 6:25 बजे दिल्ली पहुंचती है। इसके बाद नई दिल्ली से सुबह 5:50 पर चलती है और 11.05 पर अंब अंदौरा पहुंचती है। मंगलवार को यह ट्रेन नहीं चलती है।
यह भी पढ़ें: पंजाब सीमा पर हिमाचल की गाड़ियों से अवैध वसूली, निहंग सिखों ने मनाली हाईवे पर लगाया 'खालसा टैक्स नाका'