Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुल्लू में मंजू शर्मा मौत मामला गरमाया, आमरण अनशन शुरू; विधायक सुंदर सिंह बोले- BJP प्रायोजित है आंदोलन

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 10:31 PM (IST)

    कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसूता मंजू शर्मा की मौत का मामला अब आमरण अनशन में बदल गया है, जिसमें समाजसेवी बंटी सराजी न्याय की मांग कर रहे हैं। ...और पढ़ें

    कुल्लू में मंजू शर्मा मौत मामला: आमरण अनशन शुरू। फोटो जागरण

    कुल्लू में मंजू शर्मा मौत मामला: आमरण अनशन शुरू। फोटो जागरण

    HighLights

    1. प्रसूता मंजू शर्मा की मौत पर कुल्लू में आमरण अनशन।

    2. स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग तेज।

    3. विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने आंदोलन को भाजपा प्रायोजित बताया।

    संवाद सहयोगी, कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रसूता मंजू शर्मा की मौत का मामला मंगलवार को और अधिक गरमा गया। रथ मैदान में शुरू हुआ आंदोलन अब आमरण अनशन में बदल गया है। समाजसेवी बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी, संजय चौहान सहित अन्य लोग न्याय की मांग को लेकर अनशन पर बैठ गए हैं।

    आंदोलनकारियों ने सरकार पर मामले को दबाने और जांच में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के इस्तीफे, निष्पक्ष जांच और अस्पताल में रिक्त स्त्री रोग विशेषज्ञों के पद तत्काल भरने की मांग उठाई है। बंटी सराजी ने सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को भी निशाने पर लिया।

    उन्होंने कहा कि यदि पहले आंदोलन के दौरान मांगें मान ली जातीं तो एक और प्रसूता की जान नहीं जाती। उन्होंने जांच अधिकारी और विधायक को आमने-सामने बैठकर सवालों के जवाब देने की चुनौती देते हुए कहा कि यदि जांच में कोई गलती साबित नहीं हुई तो वह तुरंत अनशन समाप्त कर देंगे। साथ ही उन्होंने मंजू शर्मा प्रकरण में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की भी घोषणा की।

    सोमवार को हुए प्रदर्शन के दौरान महिला प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल की सदस्य किरण ने आरोप लगाया कि मुलाकात के दौरान उनके मोबाइल फोन लेकर वीडियो हटाए गए और प्रशासन ने आंदोलन से कुछ हासिल नहीं होने की बात कही।

    खबरें और भी

    हालांकि प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उधर, कुल्लू के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने आंदोलन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ हैं और प्रारंभिक स्तर पर संबंधित डॉक्टर व नर्सों के खिलाफ कार्रवाई भी करवाई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी लोग और ब्लॉगर्स सोशल मीडिया पर व्यूज बढ़ाने के लिए कुल्लू का माहौल खराब कर रहे हैं।

    विधायक ने यह भी कहा कि आंदोलन भाजपा प्रायोजित है और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि बिना जांच पूरी हुए किसी चिकित्सक को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। विधायक ने मृतका की नवजात बच्ची की देखभाल की जिम्मेदारी लेने की भी बात कही। अब इस पूरे मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है और आंदोलन के आगे और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।