Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुल्लू के जेई लाभ सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, अवैध संबंध के शक में किया था मर्डर; डॉक्टर दंपती समेत 4 गिरफ्तार

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 08:25 PM (GMT+05:30)

    पुलिस ने कुल्लू में जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या का मामला छह दिन में सुलझा लिया है। डॉक्टर दंपती सहित चार लोगों को प्रेम ...और पढ़ें

    अवैध संबंध के शक ने ली जेई की जान, चार गिरफ्तार। फोटो सोर्स- सोशल मीडिया।

    अवैध संबंध के शक ने ली जेई की जान, चार गिरफ्तार। फोटो सोर्स- सोशल मीडिया।

    HighLights

    1. जेई लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड छह दिन में सुलझा

    2. डॉक्टर दंपती सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए गए

    3. प्रेम प्रसंग के शक में की गई थी हत्या

    संवाद सहयोगी, कुल्लू। जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले को पुलिस की एसआईटी ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर छह दिन में सुलझा लिया। डॉक्टर दंपती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग व अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है। चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यरत 32 वर्षीय डॉ. शांभवी ठाकुर निवासी कराड़सू कुल्लू, पति 36 वर्षीय आयुर्वेद चिकित्सक करण ठाकुर, 66 वर्षीय ससुर विजय सिंह और 32 वर्षीय देवर दिनेश ठाकुर शामिल हैं।

    डॉ. शांभवी ने सुनियोजित तरीके से 24 जुलाई सायं कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया को पानी की पाइपलाइन देखने के बहाने गांधीनगर स्थित घर में बुलाया। इस दौरान चारों आरोपितों ने जेई को जमकर पीटा। साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे नाले के पास फेंक दिया गया ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

    पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित नौ सदस्यीय एसआईटी ने मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल से जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और घरेलू सहायिका यानी घर में काम करने वाली महिला के बयान सहित कई महत्वपूर्ण तथ्यों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।

    खबरें और भी

    जांच के दौरान सामने आया कि आरोपितों को महिला चिकित्सक और जेई के बीच कथित अवैध संबंधों का संदेह था। इसके चलते सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची गई। कार्यालय से कुछ ही दूरी पर गंभीर रूप से घायल मिले जेई लाभ सिंह की एम्स बिलासपुर में मौत हो गई थी।