मंडी के भंगरोटू में किराये के मकान में नशे का कारोबार, पुलिस ने 3 युवकों को दबोचा; चिट्टा और कैश बरामद
भंगरोटू में पुलिस ने एक किराये के कमरे में चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया, जहां मकान मालिक की सूचना पर तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। ...और पढ़ें

मंडी के भंगरोटू में किराये के मकान में नशे का कारोबार (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
भंगरोटू में किराये के कमरे में नशा कारोबार का भंडाफोड़।
मकान मालिक की सूचना पर तीन युवक गिरफ्तार, नकदी बरामद।
चिट्टा, नशीली गोलियां और उपकरण पुलिस ने जब्त किए।
जागरण संवाददाता, मंडी। मंडी जिला के उपमंडल बल्ह के अंतर्गत भंगरोटू में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एक मकान मालिक की सजगता के चलते किराये के कमरे में नशा कर रहे और प्रतिबंधित दवा का कारोबार चला रहे तीन युवकों को पुलिस ने रंगे हाथों दबोच लिया।
आरोपितों के पास से पुलिस ने चिट्टा, भारी मात्रा में नशीली गोलियाँ, नशा करने के उपकरण और 57 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। तीनों आरोपितों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भंगरोटू निवासी राकेश कुमार गुलेरिया ने अपने मकान में कुछ युवकों को किराये पर कमरा दे रखा था। पिछले कुछ समय से उन्हें किरायेदारों की गतिविधियों पर संदेह था। बुधवार को कमरे से नशे की गंध और संदिग्ध गतिविधियाँ दिखने पर राकेश कुमार ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी।
शिकायत मिलते ही थाना बल्ह से पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता राकेश कुमार और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब पुलिस ने कमरे की गहन तलाशी ली तो वहाँ नशे का पूरा सामान फैला हुआ मिला।
तलाशी के दौरान कमरे से इस्तेमाल की गई एक सिरींज, 10 रुपये का आधा जला हुआ नोट और पन्नी का जला हुआ टुकड़ा मिला, जिसका प्रयोग चिट्टा पीने के लिए किया गया था। इसके साथ ही मौके से कुल 2.00 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
खबरें और भी
कमरे की तलाशी आगे बढ़ाने पर पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाइयों का जखीरा मिला। इसमें टापेंटाडोल की 45 गोलियाँ, टॉलपेटिस-डी की 15 गोलियाँ, डिप्रिड की 12 गोलियां, एरीरिप-100 की 27 गोलियाँ, मैरिडोक्स-एसपी की 5 गोलियाँ, नोक्सोक्स-एन की 4 गोलियाँ और काजिन एमडी2 की 2 गोलियाँ शामिल हैं।
इसके अलावा कमरे में रखे एक थैले की तलाशी लेने पर 57,000 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपित सतिंद्र उर्फ सन्नी ने स्वीकार किया कि यह धन उसी का है। पुलिस को अंदेशा है कि यह रकम नशीली दवाइयों और चिट्टे की खरीद-फरोख्त से ही जुटाई गई थी।
पुलिस ने मौके से तीनों आरोपितों सतिंदर उर्फ शन्नी, अरविंदर और कुलदीप को हिरासत में ले लिया है। तीनों के खिलाफ थाना बल्ह में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की धारा 21, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपित यह चिट्टा और प्रतिबंधित दवाइयाँ कहाँ से लाए थे और क्या वे क्षेत्र में अन्य युवाओं को भी नशा सप्लाई करने के धंधे में शामिल थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।