हिमाचल भाजपा ने नगर निगम मंडी में काटे दिग्गजों के टिकट, 11 वार्डों में नए चेहरों पर दांव; पूर्व मेयर का भी पत्ता कट
हिमाचल भाजपा ने मंडी नगर निगम चुनाव के लिए 12 वार्डों में बिल्कुल नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। इस टिकट आवंटन में कई दिग्गजों के पत्ते साफ ह ...और पढ़ें

हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नगर निगम मंडी के प्रत्याशी तय कर दिए हैं।
HighLights
भाजपा ने मंडी नगर निगम में 12 नए चेहरों पर दांव लगाया।
पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट सहित कई दिग्गजों के टिकट कटे।
अनिल शर्मा की पसंद को टिकट वितरण में प्राथमिकता मिली।
हंसराज सैनी, मंडी। हिमाचल प्रदेश भाजा ने नगर निगम मंडी के चुनावी रण के लिए अपनी बिसात बिछा दी है। सत्ता विरोधी लहर के प्रभाव को कम करने के लिए पार्टी ने इस बार कड़ा रुख अपनाते हुए 12 वार्डों में बिल्कुल नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। इस टिकट आवंटन में जहां कई दिग्गजों के पत्ते साफ हो गए हैं, वहीं कुछ पुराने पार्षद अपनी साख बचाने में कामयाब रहे।
टिकट वितरण में सबसे बड़ा झटका पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट को लगा है। आरक्षण रोस्टर के फेरबदल के कारण उनका गृह वार्ड पुरानी मंडी महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित हो गया था। इसके बाद भट्ट ने वार्ड एक खलियार से अपनी दावेदारी पेश की थी, लेकिन पार्टी ने उन पर भरोसा न जताकर पूर्व जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह सेन को तरजीह दी है।
हरदीप सिंह राजा की पत्नी को मौका
भले ही कई दिग्गजों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया हो, लेकिन पैलेस कालोनी एक के पूर्व पार्षद हरदीप सिंह राजा अपनी राजनीतिक पकड़ साबित करने में सफल रहे। आरक्षण रोस्टर के चलते वह खुद भले ही दौड़ से बाहर हो गए, लेकिन अपनी पत्नी गुरदीप कौर को टिकट दिलाने में कामयाब रहे।
इन्हें मिला दोबारा टिकट
वहीं, दूसरी ओर सुमन ठाकुर, नेहा कुमारी,निर्मल कुमारी व वीरेंद्र आर्य अपनी प्रदर्शन के दम पर दोबारा टिकट हासिल करने में सफल रहे हैं। समखेतर की पूर्व पार्षद निर्मल ने पड्डल वार्ड से टिकट हासिल किया है।
पार्टी ने बैहना के पूर्व पार्षद कृष्ण भानु को झटका देते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया है।
विधायक की पसंद को तरजीह
भाजपा ने कई वार्डों से अपने वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि टिकट के बंटवारे में पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक अनिल शर्मा की पसंद को प्राथमिकता दी गई है।
खबरें और भी
15 वार्ड के लिए 60 से अधिक आवेदन
15 वार्डों के लिए 60 से अधिक कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया था, जिससे पार्टी के भीतर मचे घमासान और प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा ने इस नई सूची के जरिए यह स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह केवल जिताऊ और ऊर्जावान चेहरों के साथ ही निगम की सत्ता पर दोबारा काबिज होना चाहती हैं। अब देखना यह होगा कि पार्टी के यह नए सिपाही जनता की कसौटी पर कितना खरा उतरते हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पंचायत चुनाव की अधिसूचना आज, जिला निर्वाचन अधिकारी तय करेंगे किस पंचायत में कब होगा मतदान