यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Cloudburst: शिमला के रामपुर में बादल फटा, आधी रात दहशत में घरों से बाहर निकले लोग, पुल हुआ क्षतिग्रस्त
Himachal Pradesh Cloudburst शिमला के रामपुर में रात को बादल फटने से स्लेटी खड्ड में बाढ़ आ गई जिससे दरशाल-बठेड़ा पुल और जलशक्ति विभाग की पाइपों को नुकस ...और पढ़ें

HighLights
- शांदल की स्लेटी खड्ड में देर रात फटा बादल
- दरशाल-बठेड़ा पुल को हुआ नुकसान
- जलशक्ति विभाग की पानी की पाईपें बही
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमला)। Himachal Pradesh Cloudburst, हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में रात को भारी बारिश हुई है। उपमंडल रामपुर में बादल फटने से लोग दहशत में आ गए। रामपुर की स्लेटी खड्ड में बादल फटने से पानी का प्रवाह बहुत तेज हो गया व बाढ़ जैसे हालात बन गए।
खड्ड के साथ लगती तीन पंचायतों के लोग घबरा गए व आधी रात को उठ जाग खड़े हो गए। लोगों का कहना है कि दरशाल-बठेड़ा पुल को खड्ड में आई बाढ़ से नुकसान हुआ है। इससे पुल की फाउंडेशन को क्षति पहुंची है।
जलशक्ति विभाग की पेयजल पाइपों को भारी क्षति पहुंची है। जिससे कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। एक पशुशाला क्षतिग्रस्त हो गई है। स्थानीय प्रशासन ने सुबह मौके का जायजा लेने के लिए टीम रवाना कर दी है।
शांदल से नोगली तक घबराए लोग
शांदल गांव की स्लेटी खड्ड तीन पंचायतों से होते हुए नोगली तक करीब पांच किलोमीटर लंबी है। इसके बाद आगे यह नोगली खड्ड में मिल जाती है। यहां भी बाढ़ की आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए। जैसे ही बुधवार देर रात को इसमें बादल फटने की घटना हुई तो पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया। खड्ड के आसपास रहने वाले लोग खड्ड में आई बाढ़ की आवाज सुनकर घरों से बाहर आ गए।
खबरें और भी
नाेगली खड्ड के आसपास रहने वाले लोग आए दहशत में
इस पूरे घटना क्रम से सबसे अधिक भयभीत नोगली खड्ड के आसपास रहने वाले लोग रहे, क्योंकि यहां पर अधिकतर लोगों के मकान खड्ड के साथ बने हुए हैं और इसका बढ़ता जलस्तर देख सभी ने भय के माहौल में रात गुजारी।
रात को ही मौके पर पहुची पुलिस व प्रशासन
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा व उनकी टीम ने सूचना मिलते ही रात को मौके पर पहुंच कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और खड्ड से दूरी बनाए रखने के लिए सचेत किया।
पाइपों को हुए नुकसान का आकलन कर रहा विभाग
जलशक्ति विभाग तकलेच के एसडीओ नरेंद्र नेगी ने बताया कि अभी नुकसान का आकलन किया जा रहा है और देखा जा रहा है कि कहां कहां पर विभाग की पाईपों को नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन की टीम तैयार कर रही रिपोर्ट
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर टीम को भेज दिया और एक गौशाला में पानी भरने से नुकसान हुआ है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार कर रही है।