विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंडी में CM सुक्खू ने क्या लिया संकल्प? अंदर व बाहर दोनों मोर्चों पर लड़ाई की बात कही, ...केंद्र सरकार हाथ बांध रही

By Rajesh SharmaEdited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 11 Dec 2025 02:43 PM (GMT+05:30)

मंडी में जनसंकल्प सम्मेलन में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार पर हिमाचल के विकास में बाधा डालने का ...और पढ़ें

मंडी में हिमाचल सरकार के जनसंकल्प सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण

मंडी में हिमाचल सरकार के जनसंकल्प सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण

जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर जनसंकल्प सम्मेलन में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि दिल्ली में बैठे लोग लगातार हिमाचल के हाथ बांधने का काम कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार इन चुनौतियों के बीच भी हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में प्रदेश की तकदीर बदल देंगे और भ्रष्टाचार में डूबे लोगों को जेल भेजा जाएगा।

साधारण परिवार के व्यक्ति पर जनता ने विश्वास जताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का जनसैलाब इस बात का प्रतीक है कि तीन वर्ष पहले एक साधारण परिवार से उठकर प्रदेश का नेतृत्व संभालने वाले व्यक्ति में जनता ने विश्वास जताया है। उन्होंने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 75 वर्षों में देश की एकता और अखंडता के लिए कांग्रेस नेताओं ने बलिदान दिए हैं। इंदिरा गांधी ने 36 गोलियां खाईं, राजीव गांधी बम धमाके में बलिदान हुए, जबकि भाजपा का योगदान शून्य रहा है।

नारे लगाने पर लगाई फटकार

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से नारे लगाने वाले कार्यकर्ताओं को फटकार भी लगाई और कहा कि अनुशासन कांग्रेस की पहचान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद वे सचिवालय नहीं गए, बल्कि पहला कदम अनाथ आश्रम में रखा, क्योंकि राजनीति में आने के बाद उन्होंने हमेशा चुनौतियों का सामना किया है, दिखावा नहीं किया।

भाजपा 20 लोग बैठाकर चला रही फर्जी अभियान

सुक्खू ने भाजपा पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ दुष्प्रचार के लिए भाजपा अपने कार्यालय में 20 लोगों को बैठाकर फर्जी अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार 75,000 करोड़ रुपये का कर्ज और 10,000 करोड़ रुपये की कर्मचारियों की देनदारी छोड़कर गई थी। अगर राजनीति करनी होती तो ओपीएस पहले वर्ष नहीं, आखिरी वर्ष में देते। लेकिन हमने पहली कैबिनेट में इसे लागू किया।

ओपीएस देने पर रोक दी ग्रांट

सीएम ने कहा कि ओपीएस देने के बाद केंद्र ने 1,600 करोड़ रुपये की ग्रांट रोक दी और उसके बाद आपदा ने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। कुल्लू में नाजुक हालात के दौरान वायुसेना की मदद नहीं मिली, लेकिन सरकार ने चंद्रताल से 350 पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर दुनिया में मिसाल पेश की। विश्व बैंक और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी इसकी सराहना की।

भाजपा नेताओं ने प्रदेश की संपदा को बेचा

सुक्खू ने कहा कि भाजपा नेताओं ने प्रदेश की संपदा को बेचा और शराब ठेकों में भारी हेराफेरी की। 4,500 बीघा जमीन मात्र 132 करोड़ रुपये में दे दी गई। उन्होंने बताया कि 23 वर्ष बाद वाइल्ड फ्लॉवर होटल को सरकार ने वापस अपने नाम करवाया और जेएसडब्ल्यू से 250 करोड़ रुपये की आय सुनिश्चित की।

अंदर व बाहर दोनों मोर्चों पर लड़ी जाएगी लड़ाई

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अभी शुरुआत है और अंदर-बाहर दोनों मोर्चों से लड़ी जाएगी। यह आम आदमी और ईमानदार आदमी की लड़ाई है। अगला चुनाव हम 52 सीटों के साथ जीतेंगे।

सात गारंटियां पूरी कीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सात गारंटियां पूरी कर चुकी है और शेष दो गारंटियों को अगले दो वर्षों में पूरा किया जाएगा। हम जश्न मनाने नहीं आए, जनता का संकल्प लेकर आए हैं।

यह भी पढ़ें: मंडी में डिप्टी CM हुए आक्रामक, 'रात के अंधेरे में भाजपा के घर साजिश रच रहे अधिकारी' दे दी खुली चेतावनी

यह भी पढ़ें: हिमाचल कांग्रेस प्रभारी ने डिप्टी CM को चुना मैन ऑफ दि मैच, ...तो सबको 1500 रुपये मिलने पर आएंगी प्रियंका? 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।