विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, परिवार आइसोलेट; पड़ोसी भी निगरानी में

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 30 Aug 2026 01:46 PM (IST)

हिमाचल के मंडी जिले के सुंदरनगर में स्वाइन फ्लू से एक बुजुर्ग की चंडीगढ़ में मौत हो गई है। स्वास्थ्य ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू से पहली मौत के बाद विभाग अलर्ट हो गया है। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू से पहली मौत के बाद विभाग अलर्ट हो गया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मंडी के बुजुर्ग की चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू से मौत।

  2. स्वास्थ्य विभाग ने परिवार को आइसोलेट कर निगरानी में रखा।

  3. आसपास के क्षेत्र में भी स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट जारी।

संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। दिल्ली व पंजाब में फैले स्वाइन फ्लू की जद में हिमाचल भी आया है। मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के बुजुर्ग की चंडीगढ़ के अस्पताल में स्वाइन फ्लू से मौत हो गई है। इनकी पहचान 70 वर्षीय महेंद्र निवासी डडयाल के रूप में हुई है। महेंद्र कैंसर से पीड़ित थे और इनके स्वजन इन्हें 11 अगस्त को चंडीगढ़ उपचार के लिए लेकर गए थे। वहीं इन्हें स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

चंडीगढ़ प्रशासन की सूचना के बाद मंडी स्वास्थ्य विभाग की टीम इनके घर पहुंची और परिवार को आइसोलेट कर बाहरी लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी है।

स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में अंतिम संस्कार

बुजुर्ग की मौत के बाद शनिवार को उनका अंतिम संस्कार स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में ही हुआ। इसके बाद इनके घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वजन को मास्क उपलब्ध करवाए और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

आसपास का क्षेत्र भी अलर्ट पर

हिदायत दी कि परिवार के किसी भी सदस्य में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल को सूचित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग ने इस परिवार के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र और संबंधित वार्ड को भी अलर्ट पर रखा है।

जरूरी निर्देश जारी किए

सिविल अस्पताल सुंदरनगर के एसएमओ डा. चमन ठाकुर ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना मिली थी। परिवार को संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।

चंडीगढ़ में उपचार के दौरान परिवार था साथ

मृतक के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बेटे, दो बहुएं और एक पोता हैं। परिवार के कुछ सदस्य दूसरे राज्यों में रहते हैं, लेकिन चंडीगढ़ में उपचार के दौरान सभी एकत्रित थे। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोग भी संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरत रहे हैं।

ये होते हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण

  • अचानक तेज बुखार।
  • सिरदर्द, मांसपेशियों सहित पूरे शरीर में दर्द।
  • थकान व सुस्ती महसूस होना।
  • खांसी में खून आना।
  • कुछ मामलों में उल्टी और दस्त भी हो सकते हैं।

क्या कहते हैं स्वास्थ्य अधिकारी

जिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। बुजुर्ग कैंसर पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग फिर भी अलर्ट पर है। सभी अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-अशोक चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में स्वाइन फ्लू के 4 मामले, स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत एडवाइजरी जारी; क्या करें व क्या न करें?