मनाली हाईवे पर रफ्तार का कहर: एक के बाद एक 3 ट्रकों से टकराई हरियाणा के पर्यटकों की कार, एक की मौत व 4 घायल
मंडी के सुंदरनगर में कीरतपुर-मनाली हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के पर्यटकों की कार तीन ट्रकों से टकरा गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

मनाली हाईवे पर सुंदरनगर में दुर्घटनाग्रस्त कार। जागरण
HighLights
सुंदरनगर में कीरतपुर-मनाली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा।
हरियाणा के पर्यटकों की कार तीन ट्रकों से टकराई।
हादसे में एक की मौत, चार पर्यटक गंभीर घायल।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के सुंदरनगर में फोरलेन पर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कीरतपुर-मनाली हाईवे पर अलसू फोरलेन चौक के समीप मुरारी ढाबा के सामने देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा नंबर की कार में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है हरियाणा के ये पर्यटक मनाली से लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, विवेक शर्मा निवासी नेरी, तहसील बड़सर जिला हमीरपुर ने बयान में बताया कि वह भुंतर से स्क्रैप लेकर नालागढ़ की ओर जा रहा था। रात करीब 12:30 बजे जब वह अलसू फोरलेन चौक से कुछ पीछे मुरारी ढाबा के पास पहुंचा, तभी उसकी गाड़ी के बाईं ओर से एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में निकली।
दो ट्रक से टकराने के बाद स्क्रैप लदी गाड़ी से टक्कर
कार सवार ने सड़क के बाहर खड़े एक ट्रक को टक्कर मारने के बाद आगे खड़े दूसरे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार का पिछला हिस्सा घूमकर सड़क की ओर आ गया और उसकी टक्कर स्क्रैप लदी गाड़ी से भी हो गई।
डैहर अस्पताल पहुंचाए घायल
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कार में सवार पांच लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डैहर पहुंचाया गया।
रेवाड़ी व झज्जर के निवासी
हादसे में कार ड्राइवर 20 वर्षीय विवेक पुत्र नवनीत, 19 वर्षीय सचिन पुत्र भीम सिंह, 27 वर्षीय परवीन पुत्र सुरेंद्र सिंह और 19 वर्षीय पीयूष पुत्र मुकेश कुमार सभी निवासी गांव गोपालपुर गाजी डाकघर गुडयानी तहसील कोसली जिला रेवाड़ी हरियाणा घायल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। हादसे में 25 वर्षीय आकाश पुत्र लोक राम गांव व डाकघर सलोदा जिला झज्जर हरियाणा की मौत हुई है।
ट्रक का टायर फटा, पट्टे भी टूटे
पुलिस के अनुसार, हादसे में कार एचआर 51 सीएक्स 8809 के तौर पर पहचान हुई है। वहीं, कार की टक्कर से सड़क के बाहर खड़े ट्रक का पिछला टायर फट गया तथा उसकी कमानी और पट्टे भी टूट गए।
तेज रफ्तार हादसे का कारण
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना पाया है। मामले में अभियोग दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

