हिमाचल कॉलेज छात्रा हत्याकांड: दराट से हमला करने के बाद खेतों में छिप गया आरोपित, बेकाबू भीड़ पड़ी पीछे
मंडी में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की दराट से निर्मम हत्या ने सबको झकझोर दिया है। वारदात के बाद आरोपी युवक गेहूं के खेतों में छिप गया था। ग्रामीणों ने उस ...और पढ़ें

मंडी में कॉलेज छात्रा की हत्या का आरोपित पुलिस गिरफ्त में और सिया का फाइल फोटो
HighLights
मंडी में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की निर्मम हत्या।
आरोपी युवक दराट से हमला कर खेतों में छिपा।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
जागरण टीम, मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में कॉलेज छात्रा की हुई निर्मम हत्या ने सबको झकझोर कर रख दिया है। 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की दराट से हत्या करने के बाद आरोपित युवक फरार हो गया था। बताया जा रहा है आरोपित वारदात के बाद गेहूं के खेतों में जाकर छिप गया था, जिसे ग्रामीणों ने देख लिया।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घेरा डालकर युवक को पकड़ लिया, इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान भड़के हुए लोगों ने आरोपित की खूब धुनाई कर दी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने तुरंत आरोपित को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। बेकाबू भीड़ आरोपित के पीछे पड़ गई। खेतों से पुलिस आरोपित को उठाकर सड़क तक लाई व भीड़ से बचाते हुए तुरंत पुलिस थाने ले गई।
भीड़ करती रही हवाले करने की मांग
लोग इस निर्मम हत्या से भड़क गए हैं। भीड़ आरोपित को उनके हवाले करने की मांग करते रहे। पुलिस अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से भीड़ को शांत करवाया व कड़ी सजा दिलाने की बात कही। पुलिस की एक टीम तुरंत आरोपित को गाड़ी में डालकर मौके से ले गई।
नशे का आदी है युवक
हत्या आरोपित युवक की पहचान 32 वर्षीय रिशु पटियाल पुत्र कमलू गांव थिरों डाकघर गोपालपुर तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। इसका पैतृक गांव डोडरा रखोह के पास है और वह अपने ननिहाल थिरों में कई सालों से रहता था। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी है।