Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Landslide: बरोट में आधी रात भूस्खलन की चपेट में आया होटल, मंडी-पठानकोट हाईवे बहाल, बरतनी होगी सावधानी

    Updated: Thu, 21 Aug 2025 12:01 PM (IST)

    Himachal Pradesh Landslide हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते भूस्खलन जारी है। मंडी के बरोट में भूस्खलन से एक होटल क्षतिग्रस्त हुआ है। मंडी-पठानकोट राष्ट ...और पढ़ें

    बरोट में भूस्खलन की चपेट में आया होटल। जागरण
    बरोट में भूस्खलन की चपेट में आया होटल। जागरण

    आशीष भोज, पद्धर (मंडी)। Himachal Pradesh Landslide, हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर कुछ हद तक थमा है, लेकिन भूस्खलन की घटनाएं कम नहीं हुई हैं। जिला मंडी के बरोट में भूस्खलन के कारण एक बड़ा होटल क्षतिग्रस्त हो गया है।

    वहीं, मैगल के समीप लवांडी नाला के पास सड़क धंसने से अवरुद्ध मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग को एनएचएआई और गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने देर रात तक अथक प्रयासों के बाद बहाल कर दिया। मौसम साफ होने के कारण मार्ग बहाली मुमकिन हो पाई है। 

    एहतियातन घटनास्थल के दोनों छोर पर कंपनी के कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो भारी वाहनों को सावधानीपूर्वक गुजरने की हिदायत दे रहे हैं। एडीएम मंडी डॉ. मदन कुमार ने बुधवार को स्थल का निरीक्षण कर एनएचएआई को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए थे।

    उनके दिशा-निर्देशों के बाद एनएचएआई व गावर कंपनी ने राहत कार्य तेज़ी से शुरू किया। देर रात तक जारी कार्यों के बाद बुधवार सुबह से छोटे-बड़े सभी वाहन सुचारू रूप से गुजर रहे हैं।

    भारी वाहन चालक बरतें सावधानी

    प्रशासन ने भारी वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। एसडीएम मंडी रूपिंद्र कौर ने बताया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहकर आवाजाही करनी चाहिए।

    आधी रात भूस्खलन की जद में आया होटल, नींद में था स्टाफ

    हिमाचल के विख्यात पर्यटन स्थल बरोट में बुधवार देर रात को पहाड़ी से हुए भीषण भूस्खलन से होटल आरके पैलेस खतरे की जद में आ गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार घटना देर रात करीब एक बजकर 40 मिनट पर हुई, जब होटल का पूरा स्टाफ गहरी नींद में था।

    खबरें और भी

    भूस्खलन से देवदार के पेड़ होटल पर गिरे

    अचानक हुए भारी भूस्खलन से आधा दर्जन के करीब देवदार के पेड़ जमींदोज हो गए। इनमें से दो विशाल पेड़ होटल की छत पर आ गिरे, जिससे छत की रेलिंग और रेस्टोरेंट का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं होटल मालिक भरत भूषण की कार भी मलबे में दब गई।

    बरोट लोहारड़ी मार्ग बाधित

    भूस्खलन के कारण बरोट–लोहरड़ी मार्ग बाधित हो गया है और यातायात पूरी तरह ठप है। लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है तथा शीघ्र ही मार्ग बहाल करने के प्रयास शुरू किए जाएंगे।

    प्रधान ने प्रशासन को दी नुकसान की सूचना

    बरोट पंचायत प्रधान डॉ. रमेश ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना उपमंडल प्रशासन को दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते मलबा थम गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

    यह भी पढ़ें- Toll Tax: हिमाचल में भारी बारिश से फोरलेन क्षतिग्रस्त, प्रशासन ने इन दो टोल प्लाजा पर टैक्स न वसूलने का लिया फैसला

    यह भी पढ़ें- Beas Flood: ब्यास नदी से सटे कोटला गांव में और गहरी हुई दरारें, प्रशासन ने खाली करवाए 9 मकान