Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किन्नौर में 7 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, हिरासत में 15 वर्षीय आरोपी; पुलिस ने पॉक्सो के तहत दर्ज किया केस

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 10:25 PM (IST)

    किन्नौर के भावानगर में सात वर्षीय बालिका से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसमें 15 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। ...और पढ़ें

    किन्नौर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप।

    किन्नौर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप।

    HighLights

    1. किन्नौर में सात वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का आरोप

    2. 15 वर्षीय नाबालिग आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया

    3. पुलिस अधीक्षक ने अफवाहों से बचने की अपील की

    जागरण संवाददाता, रिकांगपिओ। किन्नौर जिले के पुलिस थाना भावानगर क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 15 वर्षीय एक नाबालिग को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भावानगर में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

    पुलिस के अनुसार, घटना भावानगर स्थित कलामंच मैदान के समीप की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और पास के एक खाली कमरे में उसके साथ कथित यौन उत्पीड़न किया।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

    पुलिस ने इस मामले में एफआईआर संख्या 36/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला पंजीकृत किया है। मामले की जांच जारी है।

    एसपी ने अफवाहों से बचने की अपील की

    किन्नौर के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस संवेदनशील मामले में अपुष्ट या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें।

    खबरें और भी

    एसपी ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें फैलाने अथवा भ्रामक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में भ्रामक जानकारी प्रसारित करने के आरोप में कुछ लोगों के विरुद्ध भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।