Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल के इन 4 जिलों के लोग हो जाएं सावधान! भारी बारिश का अलर्ट जारी; 90 सड़कें यातायात के लिए बंद

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

    हिमाचल प्रदेश में जुलाई 2023 में 125 वर्षों में 62वीं सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 6% अधिक रही। कुल्लू में 62% अधिक जबकि लाहुल स्पीति में ...और पढ़ें

    हिमाचल के 4 जिलों में भारी बारिश के आसार।

    हिमाचल के 4 जिलों में भारी बारिश के आसार।

    HighLights

    1. जुलाई में 125 वर्षों की 62वीं सर्वाधिक वर्षा दर्ज हुई।

    2. कुल्लू में 62% अधिक, लाहुल स्पीति में 43% कम वर्षा।

    3. भारी वर्षा से 90 सड़कें और 31 पेयजल योजनाएं बाधित।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में जुलाई माह में 1901 से लेकर अब तक 125 वर्षों में 62वीं सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में जुलाई माह की अब तक की सबसे अधिक वर्षा वर्ष 1949 में 548.6 मिलीमीटर दर्ज हुई थी। इस बार जुलाई माह में 272.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

    जो सामान्य वर्षा 255.9 मिलीमीटर से 6 प्रतिशत अधिक रही है। कांगड़ा जिला में कुल वर्षा के आधार पर सबसे अधिक 546.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ल की गई। हालांकि कुल्लू जिला में 297.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जो सामान्य से 62 प्रतिशत अधिक रही।

    किन्नौर में 59 प्रतिशत , चंबा में सामान्य से 46 प्रतिशत, शिमला में 41 प्रतिशत, सिरमौर में सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। लाहुल स्पीति में 74.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य से 43 प्रतिशत कम रही। मंडी जिले में भी 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

    प्रदेश में बीते चौबीस घंटों के दौरान बिलासपुर के ब्रहमणी में 93.6, पांवटा साहिब में 58.4, बिलासपुर में 40, सोलन में 30.6, धर्मशाला में 28, शिमला में 17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में भूस्खलन व वर्षा के कारण 90 सड़कें बाधित हैं। इसके अलावा 11 ट्रांसफार्मर व 31 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं।

    खबरें और भी

    इन्हें ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश के चार जिलों चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की सक्रियता 7 अगस्त तक अधिक रहने का अनुमान है।

    इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री का अंतर आया है। कुछ स्थानों पर वृद्धि तो कुछ में गिरावट दर्ज की गई है। केलंग में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि के साथ 27 डिग्री जबकि ताबो में 1.5 डिग्री के साथ 29.9 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 35 डिग्री दर्ज किया गया।