'CM सुक्खू ने सदन में झूठ बोलकर गुमराह किया', राष्ट्रगान विवाद पर जयराम का पलटवार: बोले- वीडियो से सच आया सामने
हिमाचल विधानसभा में राष्ट्रगान विवाद पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर पलटवार किया है। उन्होंने वीडियो फुटेज ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव
HighLights
वीडियो फुटेज ने राष्ट्रगान अपमान के दावे को नकारा।
जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर दुर्भावनापूर्ण राजनीति की।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के कथित अपमान को लेकर छिड़ा सियासी संग्राम थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी वीडियो फुटेज के सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि वीडियो ने कांग्रेस के दुष्प्रचार की हवा निकाल दी है और साबित कर दिया है कि सदन के भीतर राष्ट्रगान का कोई अपमान नहीं हुआ।
10 बार देखा वीडियो, सभी ने पूरे सम्मान से गाया राष्ट्रगान
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विपक्ष के कड़े आग्रह के बाद पांच दिनों में सचिवालय द्वारा यह वीडियो जारी किया गया। उन्होंने बताया, “मैंने खुद इस फुटेज को 10 बार से अधिक देखा है। इसमें कहीं भी राष्ट्रगान के अपमान जैसी कोई बात नजर नहीं आती। सभी सदस्यों ने पूरे मान-सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रगान गाया।” उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है और भाजपा इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष अगली व्यवस्था (रूलिंग) की मांग उठाएगी।
75 लाख जनता के सामने सीएम ने बोला झूठ
मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सदन के भीतर 18 विधायकों के सामने सीएम ने निराधार आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह केवल सदन की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके जरिए प्रदेश की 75 लाख जनता को गुमराह कर गलत संदेश दिया गया। कांग्रेस ने दुर्भावनापूर्ण राजनीति करते हुए इस मुद्दे पर जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किए और भाजपा के खिलाफ झूठी नारेबाजी कराई, जिसका सच अब जनता के सामने है।
