हिमाचल विधानसभा: एक लाख नौकरियों की गारंटी पर तपेगा सदन, 5 भाजपा विधायक उठाएंगे रोजगार का मामला
हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र में रोजगार और सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर तीखी बहस होगी, जहां विपक्ष कांग्रेस की एक लाख नौकरियों की गारंटी पर सरकार को घेरेगा।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
विधानसभा में रोजगार और रिक्त पदों पर हंगामा अपेक्षित।
विपक्ष कांग्रेस की एक लाख नौकरियों की गारंटी पर घेरेगा।
मुफ्त बिजली, एनडीपीएस मामलों पर भी होगी चर्चा।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन रोजगार और सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर चर्चा होगी। इस मामले पर सरकार और विपक्ष के बीच हंगामा होने के आसार हैं। भाजपा के पांच विधायक सुधीर शर्मा, जीतराम कटवाल, रणधीर शर्मा, हंसराज व राकेश जम्वाल रिक्त पदों के साथ हर साल एक लाख नौकरियां देने के कांग्रेस के वादे पर घेरेंगे।
मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान भी दोनों पक्षों में इस मुद्दे पर तीखी नौकझोंक हुई थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू स्वास्थ्य पर हुई चर्चा का उत्तर देंगे। इसके अलावा कांग्रेस के विधायक केवल सिंह पठानिया निश्शुल्क बिजली का मामला उठाएंगे।
एनडीपीएस मामले व सीबीएसई स्कूलों पर होंगे प्रश्न
प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के छठे दिन प्रश्नकाल के दौरान एनडीपीएस के तहत दर्ज मामलों और सीबीएसइ स्कूल खोलने के मामले प्रमुख रहेंगे। कुल 54 प्रश्न सूचीबद्ध किए गए हैं। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत विधानसभा में कांग्रेस विधायक राम कुमार डिजिटल मीटर लगाए जाने के बाद लोगों को पेश आ रही परेशानी का मामला उठाएंगे। भाजपा विधायक राकेश जम्वाल भू-स्खलन से सलापड़-तत्तापानी सड़क अवरुद्ध होने के विषय उठेंगे। विधानसभा में शून्यकाल के दौरान जनहित के मुद्दे भी उठेंगे।
