हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपये सेस और एंट्री टैक्स के खिलाफ भाजपा ने किया आंदोलन का एलान
हिमाचल भाजपा ने पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपये सेस और एंट्री टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सरकार के ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल। जागरण आर्काइव
HighLights
पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपये सेस के खिलाफ भाजपा का आंदोलन।
एंट्री टैक्स वृद्धि से आम जनता, व्यापारियों पर बोझ बढ़ा।
8 से 11 अप्रैल तक 68 विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा ने पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपये सेस और एंट्री टैक्स के खिलाफ आंदोलन का एलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल में जनता की जेब पर लगातार डाका डाला जा रहा है। सरकार के इस फैसले से आम आदमी, व्यापारी, टैक्सी ऑपरेटर, बस मालिक और ट्रक यूनियन सभी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
एंट्री टैक्स के नाम पर भारी बोझ डाला गया है, इससे पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी इसका विरोध हो रहा है। परिणामस्वरूप हिमाचल के व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों पर बाहरी दबाव बढ़ रहा है और उनके रोजगार पर संकट मंडरा रहा है।
हर विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन
डॉ. बिंदल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार पेट्रोल-डीजल पर लगाया गया सेस और एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी तुरंत वापस नहीं लेती, भाजपा प्रदेश के 68 के 68 विधानसभा क्षेत्रों में 8, 9, 10 और 11 अप्रैल को धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर हाल में जनता के साथ खड़ी है और महंगाई के इस अन्यायपूर्ण बोझ के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी।
राशन व सीमेंट के दाम में बढ़ोतरी से अफरा तफरी
कांग्रेस सरकार ने स्टांप ड्यूटी में इजाफा, राशन और सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी कर हर वर्ग को आर्थिक रूप से परेशान किया है, जिससे प्रदेश में अफरातफरी का माहौल पैदा हो है।
केंद्र सरकार का जताया आभार
डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को 3,920 करोड़ की विशेष आर्थिक सहायता प्रदान करना प्रदेश के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि यह सहायता सभी राज्यों को नहीं मिली, बल्कि चुनिंदा राज्यों में हिमाचल को सबसे अधिक सहयोग दिया गया है, जो प्रधानमंत्री के हिमाचल के प्रति विशेष स्नेह को दर्शाता है।
खबरें और भी
केंद्र की मदद से बजट 54 से फिर 58 हजार करोड़ हुआ
कांग्रेस सरकार के कारण प्रदेश का बजट 58 हजार करोड़ से घटकर 54 हजार करोड़ तक पहुंच गया था, केंद्र की इस विशेष सहायता से बजट फिर से 58 हजार करोड़ के स्तर पर पहुंचा है। यह सहायता प्रदेश के रुके हुए विकास को फिर से गति देगी और भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि हिमाचल के हितों के साथ कोई समझौता न हो।