Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली और शिमला पुलिस विवाद पर सियासत तेज, भाजपा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन; राज्य सरकार पर उठाए 5 सवाल

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 26 Feb 2026 04:58 PM (GMT+05:30)

    हिमाचल और दिल्ली पुलिस के विवाद पर राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने हिमाचल सरकार पर आरोप लगाते हुए इस विवाद को उसके इशारे पर बताया। पूर्व मुख्यमंत्री जयरा ...और पढ़ें

    लोकभवन पहुंचे भाजपा नेता जयराम ठाकुर व अन्य।

    लोकभवन पहुंचे भाजपा नेता जयराम ठाकुर व अन्य।

    HighLights

    1. भाजपा नेताओं ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात की।

    2. दिल्ली पुलिस-हिमाचल पुलिस विवाद पर राजनीति गरमाई।

    3. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से शुरू हुआ विवाद।

    जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश और दिल्ली पुलिस के बीच हुए विवाद पर राजनीति भी तेज हो गई है। पूरे मामले को लेकर भाजपा ने हिमाचल सरकार के रुख पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह सारा विवाद हिमाचल सरकार के इशारे पर हुआ है। इसी मामले को लेकर भाजपा शिमला में लोकभवन पहुंची।

    शाम चार बजे भाजपा पदाधिकारी नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि केवल प्रदेश की कानून-व्यवस्था को झकझोर दिया है, बल्कि संघीय ढांचे, संवैधानिक मर्यादाओं और प्रशासनिक निष्पक्षता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। पूरे प्रकरण की केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से जांच करवाई जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय की भूमिका की स्वतंत्र जांच हो। 

    भाजपा ने उठाए 5 गंभीर सवाल

    1. क्या मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा हिमाचल सदन को राजनीतिक शरणस्थली के रूप में उपयोग किया गया?
    2. क्या पुलिस बल को राजनीतिक निर्देशों के तहत कार्य करने को बाध्य किया गया?
    3. न्यायालयीन आदेश के बावजूद दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में बाधा क्यों डाली गई?
    4. क्या यह संघीय ढांचे की भावना के विपरीत आचरण नहीं है?
    5. क्या राज्य सरकार ने संविधान की शपथ का पालन किया?

     

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर विवाद

    रोहड़ू से युवा कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस की ओर से हिमाचल पुलिस को सूचित किए बिना गिरफ्तार करने पर प्रदेश की राजनीति भी गर्मा गई है। कांग्रेस ने इसे जहां केंद्र की सरकार की गुंडागर्दी बताया है, वहीं भाजपा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधकर इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

    शांत हिमाचल को अशांत न करें : विनय

    कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि वह शांत हिमाचल को अशांत करने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल पर्यटक स्थल है और यहां आने वाले हमारे अतिथियों का अपमान सहन नहीं किया जा सकता। विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली पुलिस का रोहड़ू से तीन युवा कांग्रेस नेताओं को गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाने के प्रयास को गंभीर मामला बताया है। कहा कि केंद्र सरकार की गुंडागर्दी हिमाचल सहन नहीं करेगा।

    खबरें और भी

    जम्वाल बोले, दिल्ली पुलिस को रोकना कानून व्यवस्था की विफलता

    हिमाचल भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने दिल्ली पुलिस द्वारा रोहड़ू के तीन युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की गिरफ्तारी तथा उसके बाद हिमाचल पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपितों को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस के जवानों को ही हिमाचल पुलिस ने रोक दिया। दिल्ली पुलिस को ही रोकना कानून व्यवस्था की विफलता है।

    यह भी पढ़ें: 'दिल्ली और शिमला पुलिस को भिड़ाना संविधान पर खुला हमला', भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल सुक्खू सरकार पर हुए हमलावर

    यह भी पढ़ें: दिल्ली vs शिमला पुलिस: हिमाचल सरकार ने दिल्ली टीम की कार्रवाई पर उठाए सवाल, ...कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया