यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal By Election Result: 'जनता ने धनबल को हराया, जनबल की हुई जीत...', उपचुनाव में दो सीटें जीतने पर बोले CM सुक्खू
Himachal By Election Result 2024 हिमाचल प्रदेश में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजों में कांग्रेस की झोली में दो सीटें गिरी। इसके बाद से हिमाचल ...और पढ़ें

HighLights
- सीएम बोले- जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकारा
- देहरा और नालागढ़ में बजा कांग्रेस का डंका
राज्य ब्यूरो, शिमला। सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhu) ने प्रदेश में तीन विधानसभा क्षेत्रों में हुए उप-चुनाव में दो सीटों पर जीत हासिल करने पर भारी संख्या में जश्न मनाने ओक ओवर पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता ने धनबल को हराया है और जनबल की जीत हुई है।
प्रदेश की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकारा: सीएम
सीएम ने कहा कि यह प्रदेश के मतदाताओं के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं की जीत है। प्रदेश की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकार कर अपना वोट राज्य में राजनीतिक पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए दिया है।
देहरा में 25 वर्षों के बाद कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है और नालागढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशी बड़े अंतर से जीते हैं। हिमाचल प्रदेश में अब कोई भी पार्टी आने वाले 50 साल में खरीद-फरोख्त की राजनीति करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगी और प्रदेश से यह संदेश पूरे देश की राजनीति में जाएगा।
विधायकों की संख्या एक बार फिर 40 हुई: सीएम सक्खू
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 28 फरवरी, 2024 को प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर चुनी हुई सरकार को गिराने का षडयंत्र रचा गया, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के विधायकों की संख्या एक बार फिर 40 हो गई है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें: Himachal By Election Result 2024: बीजेपी को मिली एक सीट पर अनुराग ठाकुर ने दी प्रतिक्रिया, हमीरपुर को लेकर कही ये बात
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बार-बार भाजपा की दो सरकारें बनाने की बातें करते थे, लेकिन उनका ऑपरेशन लोट्स विफल हो गया है। जनता से सबक मिलने के बावजूद नेता प्रतिपक्ष प्रदेश के लोगों को ठगने और गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
तीन निर्दलीय विधायकों ने प्रदेश की जनता पर थोपे थे उप-चुनाव: सुक्खू
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन निर्दलीय विधायकों ने यह उप-चुनाव प्रदेश की जनता पर थोपे, अगर वह प्रदेश सरकार से नाराज थे तो विधानसभा में भाजपा के साथ बैठकर विपक्ष को अपना समर्थन देते। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक सरकार को गिराने के षडयंत्र के तहत एक माह तक प्रदेश से बाहर रहे और अपना इस्तीफा स्वीकार करवाने के लिए धरने पर बैठे। उनके इसी रवैये के कारण उप-चुनाव हुए, लेकिन जनता ने अब उन्हें करारा जवाब दिया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, विधानसभा में साथ बैठेंगे पति-पत्नी; बना ये खास रिकॉर्ड
यह जीत उन सभी के लिए भी एक सबक है जिन्होंने लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया। देश में 13 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उप-चुनावों में भाजपा ने केवल दो सीटें बहुत कम मार्जन से जीती हैं, जिससे यह साबित होता है कि देश के लोगों ने भाजपा के एकछत्र राज और उनकी गुमराह करने वाली नीतियों व विचारधारा को पूरी तरह से नकार दिया है।