'शहरी कॉलेज में स्टाफ सरप्लस पर कई बार राजनीतिक तरीके से पड़ता है सोचना' CM सुक्खू का आया बयान; रैंकिंग भी जारी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शहरी कॉलेजों में स्टाफ की अधिकता और ग्रामीण क्षेत्रों में कमी पर बात की, जिसमें राजनीतिक दबाव के कारण तबादलों में ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कॉलेजों में स्टाफ की स्थिति पर चिंता जताई।
हमीरपुर कॉलेज ने आंतरिक रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर सिस्टम लागू किया जा रहा है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्राचार्य सम्मेलन में कहा कि सरकार शहर के कॉलेज में सरप्लस स्टाफ है, जबकि ग्रामीण व दूरदराज कमी चल रही है। तबादलों के प्रयास किए जाते हैं, लेकिन कई मर्तबा राजनीतिक तरीके से सोचना पड़ता है। दबाव इस तरह का बन जाता है कि सरप्लस होने के बावजूद उन्हें वहीं रखना पड़ता है।
कॉलेज की रैंकिंग जारी, हमीरपुर प्रथम
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सरकारी कॉलेज की आंतरिक रैंकिंग भी जारी की। हमीरपुर कालेज प्रथम, संजौली कॉलेज द्वितीय और राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला तृतीय स्थान पर रहे। विभिन्न श्रेणियों में भी शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले कालेजों को एक-एक लाख रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। पिछली बार भी ये ही कालेज पहले तीन स्थानों पर रहे थे।
सेमेस्टर सिस्टम लागू, हर बदलाव केंद्र के हिसाब से नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कालेजों में सेमेस्टर सिस्टम को लागू किया जा रहा है। कुछ और बदलाव किए जा रहे हैं। यूजीसी की गाइडलाइन व केंद्र के हिसाब से ही हर चीज नहीं बदली जाएगी। प्रदेश की संस्कृति व जरूरतों के मुताबिक भी नियम तय करेंगे।
कालेजों की रैंकिंग में कौन कहां रहा
मुख्यमंत्री ने कालेजों इंटरनल रैंकिंग भी जारी की। समग्र रैंकिंग में हमीरपुर कालेज पहले स्थान पर रहा, सेंटर आफ एक्सीलेंस कालेज संजौली दूसरे और राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला तीसरे स्थान पर रहा। टियर-1 में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर पहले, संजौली कॉलेज दूसरे और राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला तीसरे स्थान पर रहा। टियर-2 में राजकीय महाविद्यालय भोरंज पहले, राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर (शिमला) दूसरे और राजकीय महाविद्यालय सुन्नी तीसरे स्थान पर रहा। टियर-3 में राजकीय महाविद्यालय कफोटा पहले, राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट दूसरे और राजकीय महाविद्यालय चैलकोट तीसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ने सभी शीर्ष रैंकिंग वाले कालेजों को सम्मानित किया और प्रत्येक को एक-एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया। टियर वन में 1500 से अधिक विद्यार्थी संख्या, टियर टू में 1 हजार से 1500 व टियर थ्री में 1 हजार से कम विद्यार्थी संख्या वाले कालेज शामिल थे।