हिमाचल सरकार स्कूली विद्यार्थियों को वर्दी के लिए देगी पैसे, डीबीटी से सीधे खातों में पहुंचेगी राशि
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा के पात्र विद्यार्थियों को इस वर्ष भी मुफ्त वर्दी योजना का लाभ मिलेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को 6 ...और पढ़ें

हिमाचल सरकार स्कूली विद्यार्थियों को वर्दी के लिए भुगतान करेगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पहली से आठवीं कक्षा के पात्र छात्रों को लाभ।
प्रत्येक विद्यार्थी को 600 रुपये की वित्तीय सहायता।
राशि सीधे बैंक खातों में डीबीटी से मिलेगी।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से आठवीं कक्षा के पात्र विद्यार्थियों को इस वर्ष भी फ्री यूनिफॉर्म योजना का लाभ मिलेगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2026-27 के लिए सभी छात्राओं तथा एससी, एसटी और बीपीएल वर्ग के छात्रों को प्रति विद्यार्थी 600 रुपये देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह राशि डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
शिक्षा निदेशालय ने मांगा बैंक खाते का विवरण
शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) को निर्देश जारी कर 3 अगस्त तक अपने-अपने जिलों के पात्र विद्यार्थियों की संख्या और कार्यालय के बैंक खाते का विवरण उपलब्ध करवाने को कहा है। इसके लिए सभी स्कूलों से लाभार्थियों का डाटा एकत्र कर निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव निदेशालय को भेजना होगा।
वर्दी खरीदने के लिए ही होगा पैसे का इस्तेमाल
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि योजना के तहत मिलने वाली राशि का उपयोग विद्यार्थी विद्यालयी वर्दी खरीदने के लिए करेंगे। यह सहायता शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निर्धारित पात्रता के अनुसार प्रदान की जाएगी।
अलग-अलग प्रस्ताव मांगे
इस बार निदेशालय ने पीएम श्री स्कूलों और अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए अलग-अलग पत्र जारी किए हैं। दोनों श्रेणियों के विद्यालयों से अलग-अलग प्रस्ताव मांगे गए हैं, ताकि समय पर जिलों को धनराशि जारी कर पात्र विद्यार्थियों के खातों में राशि हस्तांतरित की जा सके।
यह भी पढ़ें: HRTC बसों में अब स्मार्ट ट्रैवल कार्ड से होगा किराये का भुगतान, 5 से 15 प्रतिशत छूट भी मिलेगी; CM करेंगे लॉन्च