हिमाचल के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सिरमौर में 450% अधिक वर्षा ने मचाई तबाही; स्कूलों में छुट्टी घोषित
हिमाचल में मानसून की भारी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, खासकर सिरमौर में सामान्य से 450% अधिक बारिश ने तबाही मचाई है। मौसम विभाग ने 7 जिलों के लिए ऑ ...और पढ़ें

सिरमौर में भारी बारिश के कारण सड़क बहता पानी व फंसी कार। जागरण
HighLights
सिरमौर में सामान्य से 450% अधिक वर्षा दर्ज की गई।
7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।
पांवटा साहिब में शिक्षण संस्थान बंद, 153 सड़कें बाधित।
जागरण टीम, नाहनशिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की वर्षा ने परेशानियों को बढ़ा दिया है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर, बिलासपुर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर में सामान्य से 450 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। 5 और 6 अगस्त को मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पांवटा साहिब के एसडीएम ने उपमंडल के तहत आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
7 जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर में भारी वर्ष का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 10 अगस्त तक भारी और व्यापक वर्षा से राहत मिलने वाली नहीं है। 10 अगस्त तक प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का आरेंज व यलो अलर्ट जारी किया गया है।
सिरमौर में मची तबाही
सिरमौर जिला में ही कटासन में लगभग 25 लोग खड्ड में पानी बढ़ने के कारण फंस गए, जिन्हें तीन घंटे चले आपरेशन के बाद निकाला गया। नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव के कारण तीन घंटे आवाजाही बंद रही। हाईवे के किनारे कई बाइक और स्कूटी बह गईं। घरों में भी पानी घुस गया। प्रदेश में 153 सड़कें बंद हैं, जबकि 191 ट्रांसफार्मर खराब हैं। 58 पेयजल योजनाएं बंद हैं।
यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा सिरमौर के ददाहु में 142 मिलीमीटर, श्री नैनादेवी जी में 141, नाहन में 117.6 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 69, ऊना में 67 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
सिरमौर में भारी बारिश से 8 करोड़ 32 लाख का नुकसान
जिला सिरमौर में मंगलवार तड़के करीब 4:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक हुई भारी बारिश से जिला सिरमौर में 71 सड़के बंद रहीं। भारी बारिश से जिला सिरमौर को 8 करोड़ 32 लाख 6 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जिसमें सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को 5 करोड़ 70 लाख 11 हजार रुपए का आंका गया।
संगड़ाह उपमंडल की 22, शिलाई की 25, नाहन की 20, राजगढ़ की दो तथा पांवटा साहिब की दो सड़कें बाधित रहीं। जलशक्ति विभाग की सिंचाई तथा पेयजल की 23 योजनाएं भारी बारिश से बाधित हुईं, जिसमें नाहन उपमंडल की 11 व नौहराधार उपमंडल की 17 योजनाएं बाधित हुई है। जलशक्ति विभाग को बारिश से 2 करोड़ 40 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड को बारिश से पिछले दो दिनों में 21 लाख 95 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।