Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में भारी बारिश का कहर, सिरमौर में आई बाढ़ में फंस गए 25 लोग; पुलिस ने चलाया रेस्क्यू

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 03:46 PM (GMT+05:30)

    हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश से जलमूसा खड्ड में फंसे 25 लोगों को पुलिस और होमगार्ड ने तीन घंटे के अभियान के बाद सुरक्षित बचाया। इस बचाव कार् ...और पढ़ें

    HighLights

    1. सिरमौर की जलमूसा खड्ड में 25 लोग फंसे।

    2. भारी बारिश से अचानक बढ़ा खड्ड का जलस्तर।

    3. पुलिस, होमगार्ड ने तीन घंटे में सभी को सुरक्षित बचाया।

    जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कटासन के समीप जलमूसा खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से चार गुज्जर परिवारों के 25 लोग नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने करीब तीन घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू अभियान के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बड़ा हादसा टाल दिया। 

    नाहन पुलिस के अनुसार मंगलवार को भूपेंद्र कुमार ने थाना सदर नाहन में सूचना दी कि कटासन के पास जलमूसा खड्ड में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया है और चार गुज्जर परिवारों के करीब 25 लोग बीच धारा में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही थाना सदर नाहन के प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम और तहसीलदार पांवटा साहिब भी घटनास्थल पर पहुंचे। 

    एनडीआरएफ भी बुलाई, जोखिम उठाकर रेस्क्यू किए लोग

    बेहतर समन्वय के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी तत्काल बुलाकर स्टैंड बाई पर रखा गया। पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान जवानों ने जलस्तर कम होने का इंतजार किया और मौका मिलते ही अपनी जान जोखिम में डालकर एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

    होमगार्ड और पुलिस के जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए अपने स्तर पर ही बचाव कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। 

    ये लोग किए रेस्क्यू

    बचाए गए लोगों में छह माह की मासूम बच्ची से लेकर 45 वर्ष तक के पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इनमें गामी (40), भुरा (45), अम्बो (35), जाफर (39), सदम (18), शमशाद (17), मन्जुर (36), सेफ (28), लयाक्त (27), बिनु (25), हाजरा (37), हुरन (40), आशु (20), खतीजा (11), सुहाना (15), जतुन (12), इरशाद (5), दिलशाद (6), ईरशाद (3), शबीना (डेढ़ वर्ष), इकरा (6 माह), जाफर (10), अब्दुल (15), नानकी (45) तथा एक अन्य सदस्य शामिल हैं।

    क्या कहते हैं एसपी सिरमौर

    जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में आफत की बारिश: पांवटा साहिब में देहरादून-चंडीगढ़ हाईवे पर जलभराव, घरों व दुकानों में घुसा पानी; ट्रैफिक रोका

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें: चंबा के पहाड़ी रोड पर गाड़ी की ब्रेक फेल, नीचे थी गहरी खाई; ड्राइवर की सूझबूझ के बावजूद 6 लोग घायल