विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किन्नौर में NH-5 पर दरका पहाड़, भारी भरकम चट्टानें गिरने से धंस गई पूरी सड़क; बाल-बाल बचे वाहन सवार

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Tue, 24 Mar 2026 01:42 PM (IST)

किन्नौर में NH-5 पर शोंगठोंग के पास पहाड़ दरकने से सड़क पर चार फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। गनीमत रही कि कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने एकतरफा यातायात बहाल किया।

HighLights

  1. किन्नौर में NH-5 पर पहाड़ दरकने से सड़क अवरुद्ध।

  2. भूस्खलन से सड़क पर चार फीट गहरा गड्ढा बना।

  3. तीन घंटे बाद एकतरफा यातायात बहाल, प्रशासन की अपील।

समर नेगी, रिकांगपिओ (किन्नौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में साफ मौसम के बीच पूरा पहाड़ एनएच-5 पर दरक गया। शोंगठोंग के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरक कर पहुंच गया। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और चट्टानें गिरने के कारण सड़क पर करीब चार फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। 

गनीमत रही कि जब भारी भूस्खलन हुआ तो कोई वाहन इस मलबे की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। इस दौरान वाहन चालक बाल-बाल बच गए, वह खतरे को भांप कर रुक गए थे।

किन्नौर में इसी एनएच पर निगुलसेरी में कुछ साल पहले भारी भूस्खलन की चपेट में कई वाहन आ गए थे, जिसमें भारी जानमाल का नुकसान हुआ था। 

Kinnaur Landslide 12

घंटों फंसे रहे वाहन

भूस्खलन के बाद तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों तक फंसे रहे। इस दौरान कई लोग जान जोखिम में डालकर पैदल ही अवरुद्ध मार्ग को पार करते हुए देखे गए, जिससे हादसे की आशंका बनी रही। 

Kinnaur Landslide 10

कड़ी मशककत के बाद मार्ग एकतरफा बहाल

सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने एकतरफा यातायात बहाल किया है। सड़क को आंशिक रूप से ही बहाल किया गया है। इसके बाद वाहनों की आवाजाही पुनः शुरू हो गई।

Kinnaur Landslide 11

प्रशासन की लोगों से अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम न लें। भूस्खलन संभावित क्षेत्र में खतरे को भांप लें, यदि पत्थर गिर रहे हैं तो रिस्क न लें व रुक जाएं।

यह भी पढ़ें: कुल्लू SSB सेंटर में ट्रेनिंग के दौरान राजस्थान के पुलिस जवान की मौत, 494 रंगरूट ले रहे हैं प्रशिक्षण