विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुल्लू SSB सेंटर में ट्रेनिंग के दौरान राजस्थान के पुलिस जवान की मौत, 494 रंगरूट ले रहे हैं प्रशिक्षण

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Tue, 24 Mar 2026 12:29 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शमशी स्थित एसएसबी कैंप में प्रशिक्षण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। राजस्थान के 23 वर्षीय प्रशिक्षु रंगरूट राम सैनी क ...और पढ़ें

कुल्लू के शमशी में एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र, जहां हादसा हुआ।

कुल्लू के शमशी में एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र, जहां हादसा हुआ।

HighLights

  1. शमशी एसएसबी कैंप में प्रशिक्षण के दौरान हादसा।

  2. तेज आंधी में पेड़ गिरने से रंगरूट की मौत।

  3. राजस्थान पुलिस के 23 वर्षीय राम सैनी थे मृतक।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में शमशी स्थित एसएसबी कैंप में प्रशिक्षण के दौरान एक दर्दनाक हादसे में राजस्थान के एक युवा प्रशिक्षु रंगरूट की मौत हो गई। 23 वर्षीय राम सैनी पुत्र मदन सैनी गांव साखुन, तहसील डूडू, जिला जयपुर (राजस्थान) का निवासी था। जानकारी के अनुसार राजस्थान पुलिस के करीब 494 रंगरूट इन दिनों एसएसबी शमशी कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं। 

सोमवार शाम इन्डोर क्लास के दौरान ब्रेक हुई, जिसके बाद रंगरूट शौचालय आदि के लिए बाहर जा रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी और एक बड़ा पॉपलर का पेड़ जड़ से उखड़कर राम सैनी के ऊपर गिर गया।

गंभीर रूप से घायल हो गया जवान

हादसे में राम सैनी के सिर, दाहिनी टांग और पेट में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जवान के साथी के बयान दर्ज

मौके पर एसएसबी शमशी के सहायक कमांडेंट जिया लाल सहित राजस्थान पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद थे। पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद रंगरूट पंकज मालव के बयान दर्ज किए हैं। मृतक के स्वजन को दूरभाष के माध्यम से सूचना दे दी गई है और वे कुल्लू के लिए रवाना हो चुके हैं।

कुल्लू अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम

शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शवगृह में रखा गया है, जहां सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदनलाल कौशल ने की है।

यह भी पढ़ें: तो एंट्री टैक्स कम करेगा हिमाचल, पंजाब के मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद CM सुक्खू की क्या है रणनीति?

यह भी पढ़ें: हमीरपुर में जन्म के बाद नवजात को अस्पताल में छोड़ गए माता-पिता, 15 हजार में सौदा करने का भी किया था प्रयास