विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी पड़ेगा मौसम, 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी; भारी ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 06 Apr 2026 06:39 PM (IST)Updated: Tue, 07 Apr 2026 07:39 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में 7 और 8 अप्रैल को मौसम खराब रहेगा, जिसके लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में दो दिन मौसम कड़े तेवर दिखाएगा।

हिमाचल प्रदेश में दो दिन मौसम कड़े तेवर दिखाएगा।

HighLights

  1. 7 और 8 अप्रैल को हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट जारी।

  2. भारी वर्षा, ओलावृष्टि, तेज आंधी की चेतावनी।

  3. किसानों-बागवानों की फसलों को नुकसान की आशंका।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम अधिक खराब रहने वाला है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी वर्षा, ओलावृष्टि, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। हवाओं की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और बेवजह यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

7 अप्रैल को छह जिलों शिमला, सोलन, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में आरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

छह जिलों के लिए अलर्ट

8 अप्रैल को मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है। इस दिन छह जिलों सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में फिर आरेंज अलर्ट रहेगा। जबकि हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और चंबा में येलो अलर्ट रहेगा। 
9 अप्रैल को भी मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में यलो अलर्ट जारी रहेगा। 

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके असर से मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे ठंड का असर अभी बना रहेगा।

किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता, सेब के पौधों को नुकसान

पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से पहले ही किसानों और बागवानों को नुकसान हो चुका है। शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्रों, कुल्लू और मंडी के कई इलाकों में सेब के पौधों, सब्जियों और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर सेब की सुरक्षा के लिए लगाई गई जालियां भी टूट गई हैं। अब फिर से ओलावृष्टि की चेतावनी ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। अगर दोबारा ओले गिरे तो नई फसल को बड़ा नुकसान हो सकता है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता

लाहुल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के पांगी-भरमौर जैसे इलाकों में पहले भी बर्फबारी हो चुकी है। यहां हिमखंड गिरने का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शिमला में 6.2 डिग्री, मनाली में 5.1 डिग्री और कल्पा में 1.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इससे ठंड का प्रभाव फिर बढ़ गया है।

10 अप्रैल के बाद राहत के आसार

मौसम विभाग का कहना है कि 10 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने लगेगा। 10 से 12 अप्रैल के बीच मैदानी इलाकों में मौसम साफ रह सकता है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। फिलहाल इस अवधि के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार करेगी अब श्रमिक मित्र भर्ती, कामगार कल्याण बोर्ड में आउटसोर्स आधार पर भरे जाएंगे 100 पद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।