हेरिटेज ट्रैक से शिमला पहुंचते ही चारों तरफ बर्फ देख झूम उठे सैलानी, वीडियो में देखिए रिएक्शन; प्रशासन ने जारी की एडवायजरी
हिमपात के बाद शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। वीकेंड पर तीन छुट्टियों के चलते चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से बड़ी संख्या में पर्य ...और पढ़ें

हेरिटेज ट्रैक से टॉय ट्रेन में शिमला पहुंचे पर्यटक व रिज पर पड़ी बर्फ।
HighLights
हिमपात के बाद शिमला में सैलानियों की भारी भीड़।
टॉय ट्रेन से पहुंचे पर्यटक बर्फ देख हुए उत्साहित।
होटल बुकिंग में उछाल, पर्यटन कारोबारियों में खुशी।
शिमला में ट्रेन से पहुंचे सैलानी pic.twitter.com/FGEdq0halH
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) January 24, 2026
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमपात के बाद अन्य राज्यों से सैलानियों ने शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है। सैलानियों में शिमला पहुंचने की होड़ सी लग गई है। शनिवार को हिमपात के बाद शिमला के एंट्री प्वाइंट पर पर्यटक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस वीकेंड पर तीन छुट्टियों का पैकेज है। ऐसे में भारी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं।
वहीं, पर्यटक हेरिटेज ट्रैक से टॉय ट्रेन में भी शिमला पहुंच रहे हैं। शनिवार को ट्रेन के शिमला पहुंचते ही पर्यटक हर तरफ बर्फ को देखकर उत्साहित हो उठे। सैलानी ट्रेन से उतरते ही बर्फ में मस्ती करने लगे।
भारी संख्या में सैलानियों के पहुंचने से पर्यटन कारोबारी काफी खुश हैं। शिमला टूअर एंड ट्रैवल एसोसिएशन के महासचिव मनु ने बताया कि हिमपात के बाद शिमला में अब आक्यूपेंसी बढ़नी शुरू हो गई है। वहीं दूसरी ओर से एडवांस बुकिंग में भी अचानक उछाल आया है।
शिमला के हर प्वाइंट पर जाम
बर्फबारी के बाद आए वीकेंड में राजधानी शिमला एक बार फिर सैलानियों से पैक हो गई है। लंबे समय बाद शिमला में ऐसी रौनक देखने को मिल रही है। शनिवार सुबह से ही सैलानियों के वाहनों की आमद तेज हो गई और शहर के हर प्वाइंट पर जाम की स्थिति बननी शुरू हो गई।
होटल बुकिंग में इजाफा
चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, बर्फबारी के बाद अचानक बढ़ी भीड़ से होटल बुकिंग में इजाफा हुआ है। कई होटलों में ऑक्यूपेंसी 60 से 65 प्रतिशत तक पहुंच गई है। सैलानी बर्फ में फोटो खिंचवाने और बर्फ से जुड़ी गतिविधियों का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
प्रशासन की लोगों से अपील
वहीं प्रशासन और पुलिस ने सैलानियों से अपील की है कि वे बर्फीले इलाकों में सावधानी से वाहन चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। सड़कों पर फिसलन के कारण वाहन फिसल रहे है। ऐसे में किसी भी तरह का जोखिम न उठाए। अनावश्यक यात्रा को टालें, ताकि किसी प्रकार का सड़क हादसा पेश न आए। वहीं रास्तों पर फिसलन होने पर भी लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।