हिमाचल में भारी बारिश: चंबा-भरमौर NH पर दरका पहाड़, मणिमहेश यात्रा पर रोक; मंडी में एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त
हिमाचल में भारी बारिश के कारण मणिमहेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन से बंद हो गया है। मंडी में बारिश के ...और पढ़ें
HighLights
मणिमहेश यात्रा भारी बारिश के कारण प्रतिबंधित।
चंबा-भरमौर NH भूस्खलन से बुरी तरह क्षतिग्रस्त।
मंडी में बारिश के बीच एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, दो घायल।
जागरण टीम, चंबा। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा की चेतावनी के कारण प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा के लिए जाने पर रोक लगा दी है। उपमंडलादिकारी भरमौर अजय कुमार ने हड़सर से मणिमहेश कैलाश यात्रा पर 19 जुलाई से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। वहीं, भारी वर्षा के कारण चंबा-भरमौर एनएच बत्ती हट्टी कमनाला और दुर्गेठी में बंद हो गया। यहां पहाड़ से भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, मंडी में बारिश के बीच एक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर मरीज को छोड़ने के बाद एंबुलेंस वापस कुल्लू जा रही थी, इस दौरान पंडोह के पास बारिश के बीच एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई। हादसे में ड्राइवर व ईएमटी को चोटें आई हैं।
भूस्खलन का खतरा
प्रशासन की ओर से जारी आदेश अनुसार सभी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि इस अवधि में हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश की यात्रा न करें। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार अगले तीन दिन तक क्षेत्र में भारी बारिश तथा मौसम अत्यधिक खराब रहने की संभावना है, जिससे यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, चट्टानें गिरने और अन्य प्राकृतिक दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी भी मार्ग से मणिमहेश यात्रा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यदि कोई व्यक्ति प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी कर यात्रा करता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं की होगी।
यात्रा की तो होगी कानूनी कार्रवाई
आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि कोई गाइड, स्थानीय व्यक्ति अथवा अन्य कोई व्यक्ति किसी पर्यटक या श्रद्धालु को प्रतिबंधित अवधि के दौरान यात्रा पर ले जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।