Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में शिक्षक पुरस्कार नियमों में बदलाव, डीसी व SDM समेत ये अधिकारी भी कर सकेंगे अनुशंसा; 31 को मिलेगा सम्मान

    By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 05 Aug 2026 11:05 AM (GMT+05:30)

    हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षक दिवस पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 31 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेगी। इस वर्ष चयन ...और पढ़ें

    हिमाचल शिक्षक पुरस्कार के लिए नियम बदले गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

    हिमाचल शिक्षक पुरस्कार के लिए नियम बदले गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. शिक्षक दिवस पर 31 शिक्षकों को मिलेगा राज्य पुरस्कार।

    2. चयन प्रक्रिया में उपायुक्त, एसडीएम भी कर सकेंगे अनुशंसा।

    3. विद्यार्थियों से ऑनलाइन फीडबैक भी लिया जाएगा।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेगी। इस बार पुरस्कार चयन प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब केवल शिक्षक ही आवेदन नहीं करेंगे बल्कि उपायुक्त, एसडीएम, उपनिदेशक उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा, एसएमसी और संबंधित स्कूल भी किसी योग्य शिक्षक के नाम की अनुशंसा कर सकेंगे।

    31 शिक्षक होंगे सम्मानित

    शिक्षा विभाग ने राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए आठ अगस्त तक आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस वर्ष 31 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 25 नियमित पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनमें 16 सामान्य क्षेत्रों और नौ जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के शिक्षकों का चयन होगा। इसके अलावा छह विशेष श्रेणी पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

    चयन के लिए क्या रहेगी प्राथमिकता

    इस बार चयन प्रक्रिया में सेवा अवधि या पारंपरिक उपलब्धियों के बजाय उन कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनसे विद्यार्थियों की शिक्षा, व्यक्तित्व और जीवन में वास्तविक बदलाव आया हो। शिक्षा में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने वाले प्रयास चयन का प्रमुख आधार होंगे। 

    विशेष श्रेणी के दायरा बढ़ाया

    विशेष श्रेणी पुरस्कार के लिए पात्रता का दायरा भी बढ़ाया गया है। अब एसएमसी शिक्षक, आउटसोर्स शिक्षक और वोकेशनल शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, पुरस्कार के लिए न्यूनतम पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव अनिवार्य है। विभाग ने इस बार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में सेवाओं के लिए अतिरिक्त अंक देने की व्यवस्था भी समाप्त कर दी है।

    खबरें और भी

    पुरस्कार चयन प्रक्रिया में एक और बदलाव करते हुए जिलास्तर के निरीक्षण की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब आवेदन करने वाले शिक्षकों के कार्यों का निरीक्षण और सत्यापन शिक्षा निदेशालय स्तर पर गठित समिति करेगी। इसके साथ ही संबंधित शिक्षक के बारे में विद्यार्थियों से आनलाइन फीडबैक भी लिया जाएगा, जिसे चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।

    महिला शिक्षकों से अधिक आवेदन की अपील

    शिक्षा विभाग के अनुसार, पिछले वर्षों में महिला शिक्षकों के आवेदन अपेक्षाकृत कम रहे हैं। इसे देखते हुए इस बार महिला शिक्षकों से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की गई है।

    शिक्षकों से आग्रह है कि वे राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आनलाइन आवेदन अवश्य करें ताकि योग्य शिक्षकों को सम्मानित किया जा सके।
    -रोहित ठाकुर, शिक्षा मंत्री।

    यह भी पढ़ें: कजाकिस्तान के बाद अब जापान के एक्सपोजर विजिट पर जाएंगे हिमाचल के ITI प्रशिक्षु, तकनीकी शिक्षा विभाग की प्रक्रिया शुरू