विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Himachal Weather: हिमाचल में अभी राहत नहीं देगा मौसम, 3 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 03 Sep 2026 11:37 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, जिससे 110 सड़कें, 114 ट्रांसफार्मर और 51 पेयजल योजनाएं ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।

HighLights

  1. हिमाचल में 110 सड़कें, 114 ट्रांसफार्मर, 51 पेयजल योजनाएं बंद।

  2. मंडी, बिलासपुर, सिरमौर में 5 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट।

  3. मानसून से अब तक 1200 करोड़ का नुकसान, 107 लोगों की मौत।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में वर्षा और भूस्खलन के कारण लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इससे प्रदेशभर में 110 सड़कें, 114 ट्रांसफार्मर और 51 पेयजल योजनाएं बंद हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पांच सितंबर तक मंडी, बिलासपुर, सिरमौर में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों के समीप न जाने तथा संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 

मानसून सीजन में 30 जून से दो सितंबर तक करीब 1,202.96 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। इसमें लोक निर्माण विभाग को 530.61 करोड़ तथा जल शक्ति विभाग को 258.61 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अब तक 107 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सड़क हादसों में 154 लोग जान गंवा चुके हैं।

बीते 24 घंटे का हाल और मानसूनी नुकसान

भारी वर्षा से बीते 24 घंटों में बिलासपुर के श्री नैना देवी में सबसे अधिक 130.6 मिलीमीटर, मंडी के मुरारी देवी में 85.8 और सिरमौर के नाहन में 45.4,  कसौली  में 45 मिलीमीटर  वर्षा दर्ज की गई है। 

चेलंग की पहाड़ी से दरका मलबा

मंडी की चौहार घाटी में चेलंग की पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से सहमे ग्रामीणों ने पूरी रात खौफ के साये में गुजारी। लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों और रिश्तेदारों के घरों में शरण लेनी पड़ी। पहाड़ी में बड़ी दरारें आ गई हैं। 

कारोबारी की नाले में गिरने से मौत

चौहार घाटी की सिल्हबुधाणी पंचायत के ग्रामण गांव के अखरोट कारोबारी 55 वर्षीय सबला राम पुत्र टेक राम की पैर फिसलकर से स्वाड़ नाला में गिरने से मौत हो गई। वह अखरोट खरीदने मंगलवार को कथोग गए और लौटने के दौरान हादसा हो गया। 

रामपुर में पुलिया बही 

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की कूट पंचायत के सुरु गांव में बुधवार दोपहर भारी वर्षा से खड्ड उफान में आ गई। इससे सुरु गांव को जोड़ने वाली पुलिया तेज बहाव में बह गई। जो ग्रामीण बुधवार को खड्ड के दूसरी तरफ गए थे, वे वहां फंस गए हैं।

कुल्लू जिले में औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 मंगलवार रात कई जगह भूस्खलन से बाधित हो गया। बागीपुल-जाओं-ठारला मार्ग पर भूस्खलन से एक मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के करीब 17 गांवों का संपर्क प्रभावित है।

यह भी पढ़ें: पांच 10 हजार से सीधा एक लाख रुपये... यह तो जुल्म है, घूसखोरी के लिए बदनाम हो रहे हिमाचल के ये 4 विभाग