Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंडीगढ़ पर हिमाचल के हक का एजेंडा उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक से बाहर, BBMB सहित कौन से मुद्दे उठेंगे शिमला में?

    By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 17 Jun 2026 06:56 AM (GMT+05:30)

    शिमला में होने वाली उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक के एजेंडे से चंडीगढ़ में हिमाचल की 7% हिस्सेदारी का मुद्दा हटा दिया गया है। बैठक में बीबीएमबी में स् ...और पढ़ें

    शिमला में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक 19 जून को होगी। प्रतीकात्मक फोटो

    शिमला में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक 19 जून को होगी। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. चंडीगढ़ पर हिमाचल की 7% हिस्सेदारी एजेंडे से बाहर।

    2. बीबीएमबी में हिमाचल की स्थायी सदस्यता पर होगी चर्चा।

    3. साइबर अपराध, मादक पदार्थों के सेवन पर भी मंथन।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। शिमला में आयोजित होने वाली उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में चंडीगढ़ पर हिमाचल प्रदेश की 7 प्रतिशत की हिस्सेदारी के दशकों पुराने मामले पर चर्चा नहीं होगी। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से तैयार किए गए 309 पेज के एजेंडा में से चंडीगढ़ पर हिमाचल के हक का एजेंडा बाहर कर दिया गया है। एजेंडा को अभी अंतिम रूप दिया जाना है, इससे पहले नीचे से चली फाइल में आए इस एजेंडा को निकाल बाहर कर दिया गया है। 

    सामान्य प्रशासन विभाग के पास हरियाणा व केंद्र शासित चंडीगढ़ के डीजीपी ने बैठक में आने की औपचारिक सहमति दी है। पंजाब सरकार के ग्यारह अधिकारियों की टीम मुख्य सचिव के साथ पहुंचेगी।

    120 डेलीगेट्स होंगे शामिल

    प्रदेश सरकार की मेजबानी में हो रही उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में 120 डेलीगेटस के शामिल होने की संभावना है। राजस्थान व दिल्ली के अधिकारियों में से कुछ अधिकारी कल शिमला पहुंच रहे हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने बाहर से आने वाले अधिकारियों की व्यवस्थाएं देखने के लिए 20 एचएएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। 

    19 जून को जुटेंगे अधिकारी

    19 जून को मुख्य सचिव केके पंत की अध्यक्षता में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के मुख्य सचिव या फिर सचिव स्तर के अधिकारी पहुंचेंगे। बैठक में लंबित पड़े अंतरराज्यीय विषयों पर समाधान निकालने पर मंथन होगा। 

    ये रहेंगे संभावित चर्चा वाले विषय

    बैठक में प्रदेश की ओर से बीबीएमबी में हिमाचल को स्थायी सदस्य की नियुक्ति का विषय आएगा। इसके अतिरिक्त सरकारी स्कूलों में छात्रों की घटती संख्या पर सभी राज्य चर्चा करेंगे और इसका क्या समाधान हो सकता है। उत्तर भारत के सभी राज्य साइबर अपराध की गिरफ्त में हैं, मादक पदार्थाें के सेवन को समाज से समाप्त करने की दिशा में क्या कदम उठाए जा सकते हैं। पीएमजीएसवाई सड़कों के निर्माण में आ रही समस्याओं का समाधान निकालना व राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं के मामले में एफसीए के अडंगे को दूर करने पर भी चर्चा होगी। सहकार से किस तरह से समृद्धि लाई जाए, इस तरह के विषयों पर भी चर्चा होगी।

    खबरें और भी

    दिल्ली जाने से पहले सीएम ने तैयारियों को लेकर बैठक की

    मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली दौरे पर जाने से पहले उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक के आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। मुख्य सचिव के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रधान सचिव व सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ प्रमुख विभागों के विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।

    यह भी पढ़ें: 'सरकार बचत का बहाना बनाकर बेरोजगारों का शोषण नहीं कर सकती', हिमाचल हाई कोर्ट ने आउटसोर्स भर्ती पर रोक लगाई

    यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का पूर्व मुख्य सचिव संजय गुप्ता को नोटिस, चेस्टर हिल व धारा 118 के उल्लंघन का मामले में संज्ञान