Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का अभियान नहीं रोकेगा बोर्ड, हमीरपुर का मामला कोर्ट में सुलझाया

    By Rohit Sharma Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 16 Jul 2026 05:58 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का अभियान पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा। हमीरपुर का एक मामल ...और पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश में बिजली बोर्ड स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान जारी रखेगा। प्रतीकात्मक फोटो

    हिमाचल प्रदेश में बिजली बोर्ड स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान जारी रखेगा। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. राज्य बिजली बोर्ड स्मार्ट मीटर अभियान जारी रखेगा।

    2. हमीपुर का व्यक्तिगत मामला न्यायालय में सुलझाया गया।

    3. स्मार्ट मीटर से बिलिंग में पारदर्शिता और बेहतर सेवाएँ मिलेंगी।

    जागरण संवाददाता, शिमला। राज्य बिजली बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का अभियान पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा। बोर्ड प्रबंधन का दावा है कि हमीरपुर के एक मामले को लेकर प्रसारित की जा रही सूचनाओं के कारण उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हुई थी, जबकि न्यायालय का अंतरिम आदेश केवल एक उपभोक्ता के व्यक्तिगत मामले तक ही सीमित था। 

    बोर्ड के अनुसार, हमीरपुर स्थित सिविल न्यायाधीश न्यायालय ने पारित अंतरिम आदेश लंबलू निवासी जैमल सिंह के मामले से संबंधित था। इस आदेश को लेकर विभिन्न माध्यमों से गलत जानकारी प्रसारित की गई, जिससे स्मार्ट मीटर स्थापना को लेकर अनावश्यक भ्रम फैल गया।

    बोर्ड ने न्यायालय में रखा पक्ष

    बोर्ड ने बताया कि इस मामले में न्यायालय के समक्ष अपील दायर की गई, जिस पर 13 जुलाई को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान बोर्ड ने विद्युत अधिनियम-2003 के प्रविधानों और स्मार्ट मीटर योजना से जुड़े सभी तथ्य न्यायालय के समक्ष रखे। यह भी स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद भी संबंधित उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन पोस्टपेड मोड में ही संचालित रहेगा और उनकी सहमति के बिना उसे प्रीपेड मोड में परिवर्तित नहीं किया जाएगा।

    बोर्ड के आश्वासन के बाद उपभोक्ता सहमत

    बोर्ड के इस आश्वासन के बाद संबंधित उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए सहमत हो गया और उनके परिसर में स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपना वाद भी वापस ले लिया। 

    गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी

    बोर्ड प्रबंधन का कहना है कि स्मार्ट मीटर आधुनिक और पारदर्शी बिजली वितरण व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बिजली बिलिंग में पारदर्शिता आएगी, ऊर्जा प्रबंधन बेहतर होगा और उपभोक्ताओं को अधिक त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी।

    खबरें और भी


    यह भी पढ़ें: शिमला में नशा तस्करी कर जुटा ली करोड़ों की संपत्ति, पुलिस ने 16 गाड़ियां, 2 फ्लैट अपार्टमेंट व एक आवास जब्त किया