Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल के 51 शहरी निकायों में कल थमेगा चुनाव प्रचार, 2 दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें; 4 नगर निगम पर सबकी नजर

    By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 14 May 2026 04:01 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में चुनाव प्रचार शुक्रवार दोपहर 3 बजे थम जाएगा, जिसके बाद दो दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी। सोलन, मंडी, धर्मशाला और ...और पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के लिए कल प्रचार थम जाएगा।

    हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के लिए कल प्रचार थम जाएगा।

    HighLights

    1. चुनाव प्रचार शुक्रवार दोपहर 3 बजे थम जाएगा।

    2. शुक्रवार से मतदान तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

    3. नगर निगम चुनाव 2027 विधानसभा का सेमीफाइनल।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगम समेत 51 शहरी निकायों में चुनाव प्रचार अंतिम दौर में पहुंच चुका है। चुनावी मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों ने वीरवार को प्रचार में पूरी ताकत झोंकी। पार्टी के दिग्गज नेता भी प्रचार में डट गए हैं। शुक्रवार 15 मई को दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह से थम जाएगा। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी किसी भी तरह से रैली, जुलूस, ढोल-नगाड़ों और दल-बल के साथ चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे। उम्मीदवार केवल डोर-टू-डोर जाकर वन-टू-वन कैंपेन कर सकते हैं। 

    दो दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें

    राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद शुक्रवार दोपहर तीन बजे से ही ड्राई-डे शुरू हो जाएगा। शराब की दुकानें बंद रहेगी। मतदान समाप्त होने तक ये बंद रखी जाएंगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में पहले ही सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं। सेल टैक्स एंड एक्साइज विभाग को कहा गया है कि ड्राई-डे के दौरान शराब परोसने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

    चार नगर निगम पर सबकी नजर

    चार नगर निगम सहित 51 शहरी निकायों में 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। प्रदेशवासियों की नजर सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम चुनाव पर टिकी है, क्योंकि ये चुनाव पार्टी चिह्न पर होते हैं। इसी वजह से इन्हें 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों दल इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

    439 पदों पर 1147 उम्मीदवार मैदान में

    प्रदेश के 51 शहरी निकायों में 439 पदों के लिए कुल 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 218 प्रत्याशी हैं। बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, कुल्लू में 100, मंडी में 180, शिमला में 123, सिरमौर में 84, सोलन में 121 और ऊना में 118 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 

    खबरें और भी

    3.60 लाख मतदाता करेंगे मतदान

    51 शहरी निकायों में 360859 मतदाता है। इनमें 180963 पुरुष व 179882 महिला मतदाता हैं। 14 अन्य मतदाता भी दर्ज हैं। चुनाव में 1808 मतदाता पहली बार वोट करेंगे। 961 पुरुष व 847 महिला वोटर हैं।

    589 मतदान केंद्रों में होगा मतदान

    कुल 589 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं  की संख्या अधिक हैं उन मतदान केंद्रों में सहायक मतदान केंद्र बनाए जाएं।

    मतदान के लिए 16 तरह के पहचान पत्र

    भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए फोटो पहचान पत्र के अलावा सोलह अन्य तरह के पहचान पत्र दिखाकर वोट कर सकते हैं। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, पहचान पत्र, बैंक किसान, डाकघर पासबुक, राशन कार्ड, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जातीय प्रमाण पत्र, छात्र पहचान पत्र, संपत्ति संबंधित कागजात, शस्त्र लाइसेंस, परिवहन अधिकारी द्वारा जारी कंडक्टर लाइसेंस, पेंशन अभिलेख,आधार कार्ड, रेलवे बस पास, अक्षम प्रमाण पत्र, स्वतंत्रता सेनानी प्रमाणपत्र शामिल हैं।

    मतगणना की स्थिति

    नगर पंचायत, नगर परिषद से संबंधित मतपत्रों की गणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद नगर पालिका मुख्यालय में की जाएगी। नतीजे उसी दिन जारी कर दिए जाएंगे, जबकि चार नगर निगम के मतों की गणना 31 मई को होगी।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल पंचायत चुनाव: बड़ा भंगाल में 102 वोटर्स के लिए हेलीकॉप्टर से जाएगी पोलिंग पार्टी, निर्वाचन आयोग ने SOP जारी की