Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    HPU शिमला के हॉस्टल में मिली गली-सड़ी और फफूंद लगी सब्जियां, अधिकारियों ने दो मेस मैनेजर पर की कार्रवाई

    By Rohit Sharma Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sat, 18 Jul 2026 06:21 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के विद्योत्तमा गर्ल्स हॉस्टल में सड़ी-गली सब्जियां मिलने पर हड़कंप मच गया। मुख्य छात्र कल्याण अधिष्ठाता ने जांच के ब ...और पढ़ें

    शिमला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का परिसर। जागरण आर्काइव

    शिमला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का परिसर। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. HPU शिमला हॉस्टल में मिली सड़ी-गली सब्जियां।

    2. मुख्य छात्र कल्याण अधिष्ठाता ने की मामले की जांच।

    3. दो मेस मैनेजरों को तत्काल पद से हटाया गया।

    जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के हॉस्टल में गली-सड़ी सब्जियां मिली हैं। मुख्य छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. आरएल जिंटा ने शुक्रवार देर शाम विद्योत्तमा गर्ल्स हॉस्टल पहुंचकर मेस में सड़ी और फफूंद लगी सब्जियों के मामले की जांच की। रात करीब 8:30 बजे हॉस्टल की जनरल हाउस बैठक बुलाई गई, जिसमें सभी छात्राएं, हॉस्टल वार्डन डॉ. भावना, मेस स्टाफ और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान सभी पक्षों से विस्तार से पूछताछ की गई। 

    जांच में क्या सामने आया

    जांच में सामने आया कि छात्राओं द्वारा चुने गए मेस मैनेजर हॉस्टल परिसर में आने वाले विक्रेता से तीन-चार दिन की सब्जियां एक साथ खरीदकर स्टोर रूम में रख देते थे। पहले हॉस्टल में छात्राओं की संख्या अधिक थी, लेकिन पीएचडी परीक्षाएं समाप्त होने के बाद कई छात्राएं हॉस्टल छोड़ चुकी हैं। इसके अलावा शिमला के मौजूदा मौसम के कारण कुछ सब्जियों पर फफूंद और काले धब्बे पड़ गए।

    फेंकने के लिए रखी थी पुरानी सब्जियां 

    पूछताछ में यह भी पता चला कि मेस मैनेजर और मेस स्टाफ ने अच्छी एवं खराब सब्जियों को अलग कर दिया था। खराब हो चुकी सब्जियों को फेंकने के लिए अलग रखा गया था। इसी दौरान कुछ छात्र कार्यकर्ता मेस में पहुंचे और उन सब्जियों की तस्वीरें ले लीं, जिसके बाद यह मामला विवाद का कारण बन गया।

    मेस मैनेजर बदले

    प्रो. आरएल जिंटा ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही दोनों मेस मैनेजरों को बदलते हुए यह जिम्मेदारी हॉस्टल की दो अन्य छात्राओं को सौंप दी। साथ ही मेस स्टाफ और पूर्व मेस मैनेजरों को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी।

    खबरें और भी

    लगातार निगरानी का निर्देश

    उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उनका शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास बेहतर ढंग से हो सके। उन्होंने हॉस्टल वार्डन को भी नियमित निरीक्षण करने और मेस व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

    हॉस्टल कार्यों का निरीक्षण किया

    शनिवार को मुख्य छात्र कल्याण अधिष्ठाता ने अधीक्षण अभियंता (एक्सईएन) ज्योति प्रकाश और जूनियर इंजीनियर कमलेश के साथ विश्वविद्यालय के छात्रावास का दौरा कर चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय अधिकारियों और छात्र प्रतिनिधियों ने सीपीडब्ल्यूडी द्वारा कार्य में हो रही देरी पर चिंता जताई तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि नए सत्र से पहले छात्रों को समय पर आवास उपलब्ध कराया जा सके।