Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    HRTC बस कंडक्टर से मारपीट का मामला भड़का, शिमला में यूनियन का प्रदर्शन; रूट बंद करने का किया एलान

    By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sun, 12 Apr 2026 05:49 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश के जोगिंदरनगर में एचआरटीसी बस कंडक्टर से मारपीट के विरोध में शिमला में चालक-परिचालक यूनियन ने प्रदर्शन किया। यूनियन ने आरोपियों पर कड़ी ...और पढ़ें

    जोगेंद्रनगर में एचआरटीसी बस को रोकने वाले युवक व पीड़ित कंडक्टर।

    जोगेंद्रनगर में एचआरटीसी बस को रोकने वाले युवक व पीड़ित कंडक्टर।

    HighLights

    1. जोगिंदरनगर में एचआरटीसी कंडक्टर से मारपीट का मामला।

    2. शिमला में चालक-परिचालक यूनियन ने किया जोरदार प्रदर्शन।

    3. दोषियों पर कार्रवाई न होने तक रूट बंद करने की चेतावनी।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के बस कंडक्टर से मंडी के जोगेंद्रनगर में हुई मारपीट का मामला राजधानी शिमला के मुख्यालय तक पहुंच गया। घटना के विरोध में रविवार को पुराने बस अड्डे पर चालक-परिचालक यूनियन ने जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान एचआरटीसी चालक यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर और कंडक्टर यूनियन के प्रधान प्रीत महेंद्र ने स्पष्ट कहा कि जब तक दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक संबंधित रूट पर बस सेवाएं बंद रहेंगी।

    उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

    स्कूटी हटाने को बोलने पर पीट दिया कंडक्टर

    यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि शनिवार को जोगिंद्रनगर में एक बस रास्ते में खड़ी स्कूटी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही थी। कंडक्टर ने स्कूटी हटाने का अनुरोध किया, लेकिन इस बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने पहले कंडक्टर से बहस और हाथापाई की, फिर अपने साथियों को बुलाकर उस पर हमला करवा दिया। हमले में कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया।

    कर्मचारियों में रोष, सुरक्षा पर उठे सवाल

    इस घटना के बाद प्रदेश भर में एचआरटीसी चालक-परिचालकों में भारी रोष है। यूनियन का कहना है कि ड्यूटी के दौरान यदि कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

    सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए

    कर्मचारियों ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर तुरंत मामला दर्ज किया जाए और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यूनियन ने मेडिपर्सन एक्ट लागू करने की मांग भी उठाई है, ताकि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

    खबरें और भी

    पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

    यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। प्रदेश के विभिन्न डिपो में आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। फिलहाल कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि न्याय मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें: HRTC बस के ब्रेक फेल, कार को टक्कर मारने के बाद पहाड़ी से टकराई; धर्मशाला से होशियारपुर जा रही गाड़ी में थे 50 यात्री