शिमला में LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर, बिना KYC नहीं होगी गैस बुकिंग, सब्सिडी का भी अटकेगा लाभ
शिमला में बिना केवाईसी के रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं होगी, जिससे सब्सिडी भी अटक सकती है। 31 अगस्त की समयसीमा के बाद भी एजेंसियां केवाईसी कर रही हैं।

रुक सकती है सिलिंडर की बुकिंग, तुरंत पूरी कराएं अपनी KYC।
HighLights
केवाईसी की समयसीमा खत्म, फिर भी प्रक्रिया जारी है
बिना केवाईसी के गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं होगी
शिमला में 15-18% उपभोक्ताओं की केवाईसी अभी बाकी
जागरण संवाददाता, शिमला। रसोई गैस कनेक्शन की केवाईसी (KYC) नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। केवाईसी पूरी नहीं होने पर गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं होगी। ऐसे उपभोक्ताओं को पहले संबंधित गैस एजेंसी में जाकर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करवानी होगी।
हालांकि केवाईसी के लिए निर्धारित 31 अगस्त की समयसीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन गैस एजेंसियों में अभी भी उपभोक्ताओं की केवाईसी की जा रही है। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं करवाई है, वे एजेंसी में संपर्क कर सकते हैं।
शिमला शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों में करीब 15 से 18 प्रतिशत उपभोक्ताओं की केवाईसी अभी पूरी नहीं हुई है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे कनेक्शनों की है, जिनके मूल उपभोक्ता की मृत्यु हो चुकी है।
कैसे पूरी होगी KYC
कई परिवारों में पिता या दादा के नाम पर गैस कनेक्शन है और उसी कनेक्शन पर परिवार के सदस्य सिलिंडर की बुकिंग करवा रहे हैं। ऐसे मामलों में पहले कनेक्शन को परिवार के पात्र सदस्य के नाम स्थानांतरित करवाना होगा। इसके बाद नए उपभोक्ता की केवाईसी पूरी की जाएगी।
वर्तमान में शिमला में केवाईसी पूरी करवा चुके उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर करीब 1045 रुपये में मिल रहा है। उपभोक्ताओं को सिलिंडर पर करीब 31 रुपये की सब्सिडी भी मिलती है, जो सीधे उनके बैंक खाते में जमा होती है।
हालांकि सभी उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ नहीं मिल रहा है। पात्र उपभोक्ताओं के बैंक खाते में ही यह राशि जमा होती है। गैस एजेंसियों के अनुसार, केवाईसी नहीं होने पर उपभोक्ता की गैस बुकिंग आगे नहीं बढ़ेगी।
ब्लैक में 1500 में मिल रहा सिलिंडर
इसलिए उपभोक्ताओं को समय रहते अपनी केवाईसी पूरी करवाने के साथ बैंक खाते और कनेक्शन से जुड़ी जानकारी भी दुरुस्त रखने की जरूरत है।
दूसरी ओर, शहर में रसोई गैस सिलिंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
ब्लैक में घरेलू गैस सिलिंडर 1400 से 1500 रुपये तक में मिलने की बात कही जा रही है। ऐसे में केवाईसी नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।
गैस एजेंसियों में नामांतरण वाले मामलों में दस्तावेजों की जांच के बाद कनेक्शन नए उपभोक्ता के नाम किया जा रहा है। इसके बाद उसकी केवाईसी पूरी होने पर सामान्य प्रक्रिया के तहत सिलिंडर की बुकिंग की जा सकेगी।
एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवाईसी को लेकर किसी तरह की परेशानी होने पर सीधे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें- शिमला में गहराया पेयजल संकट, बूंद-बूंद के लिए तरस रहे लोग; भाजपा ने सरकार और निगम को घेरा
