हिमाचल कांग्रेस ने मंडी जिले को संगठन में दी बड़ी जिम्मेदारी, नरेश कुमार को बनाया एससी विभाग का प्रदेश अध्यक्ष
नरेश कुमार को हिमाचल कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति मंडी जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए ...और पढ़ें

नरेश कुमार और हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार। जागरण
HighLights
नरेश कुमार हिमाचल कांग्रेस एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष बने।
मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी हुई।
यह नियुक्ति मंडी में कांग्रेस संगठन को मजबूती देगी।
राज्य ब्यूरो, शिमला। नरेश कुमार को हिमाचल कांग्रेस अनुसूचित जाति (एससी) विभाग का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस नियुक्ति को मंडी जिला में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नरेश कुमार मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखते हैं।
मंडी जिले को संगठन में बड़ा दायित्व
राजनीतिक दृष्टि से भी इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। मंडी जिले से कांग्रेस को संगठन में लंबे समय बाद बड़ा दायित्व मिला है। जिले में कांग्रेस के पास वर्तमान में केवल एक विधायक है, ऐसे में इस नियुक्ति को संगठनात्मक संतुलन और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
1994 में छात्र राजनीति में आए
उन्होंने वर्ष 1994 में छात्र जीवन के दौरान सुंदरनगर कॉलेज से कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के माध्यम से छात्र राजनीति में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं।
वर्ष 2014 में पार्टी ने उन्हें एससी विभाग का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया। बाद में वह जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के महासचिव और कांग्रेस एससी विभाग के जिला अध्यक्ष भी रहे।
2022 में रहे कांग्रेस प्रत्याशी
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें नाचन विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बनाया था। हालांकि वह यह चुनाव हार गए थे।
नियुक्ति पर इन नेताओं का जताया आभार
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर नरेश कुमार ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं का समाधान करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले अनेक लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और वह ऐसे लोगों की आवाज बनकर कार्य करेंगे।
यह भी पढ़ें: बिहार उपचुनाव नतीजों का हिमाचल प्रदेश में भी दिखेगा असर, सीएम सुक्खू की प्रतिक्रिया, कहा- कांग्रेस को होगा फायदा