हिमाचल में NH-5 पर ऊरनी ढांक में वाहनों की आवाजाही बंद, किन्नौर प्रशासन ने की वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में NH-05 पर ऊरनी ढांक के पास बैली ब्रिज के कार्य के कारण यातायात बंद कर दिया गया है। वाहनों को ऊरनी के वैकल्पिक मार्ग स ...और पढ़ें

किन्नौर के उरनी ढांक में यातायात बाधित रहेगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
NH-05 पर ऊरनी ढांक के पास यातायात बंद।
बैली ब्रिज के शेष हिस्से को हटाने का कार्य जारी।
वाहनों को ऊरनी के वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा।
संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर ऊरनी ढांक के पास बैली ब्रिज के शेष हिस्से को हटाने व नए ब्रिज की लॉन्चिंग कार्य के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जिला दंडाधिकारी किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने आदेश जारी कर इस मार्ग पर तत्काल प्रभाव से सोमवार तक कार्य पूरा होने तक यातायात बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बेली ब्रिज के शेष हिस्से को सतलुज नदी के दाहिने किनारे से लॉन्च किया जाना है। इस कार्य के दौरान भारी मशीनरी सड़क की पूरी चौड़ाई में तैनात रहेगी, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बाधित होगी। कार्य के दौरान यातायात संचालन जारी रखना आम जनता की सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है, इसलिए अस्थायी रूप से मार्ग बंद करने का निर्णय लिया गया है।
ऊरनी वैकल्पिक मार्ग से भेजे जाएंगे वाहन
प्रशासन के निर्देशानुसार बंद अवधि के दौरान सभी वाहनों को ऊरनी के वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। मार्ग की सीमित चौड़ाई और जाम की आशंका को देखते हुए भारी मोटर वाहन सुबह 8 बजे से पहले तथा शाम 8 बजे के बाद ही वैकल्पिक मार्ग से संचालित किए जा सकेंगे। सार्वजनिक परिवहन वाहन और यात्री बसें इस समय सीमा से मुक्त रहेंगी। इनका संचालन सड़क की स्थिति, यातायात दबाव और पुलिस द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन संभालेंगे यातायात व्यवस्था
आदेश में पुलिस अधीक्षक किन्नौर को डायवर्जन प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात को नियंत्रित करने के साथ आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को कार्य शुरू करने से पहले उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं डायवर्जन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, ब्लिंकर सहित आवश्यक यातायात सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कार्यदायी एजेंसी को भी निर्देश दिए हैं कि बेली ब्रिज के शेष हिस्से को हटाने और नए पुल की लॉन्चिंग का कार्य सुरक्षित तरीके से और आम जनता को कम से कम असुविधा के साथ पूरा किया जाए।
चालकों से सहयोग की अपील जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। बेली ब्रिज की लॉन्चिंग तकनीकी और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए निर्धारित अवधि में अनावश्यक रूप से बंद मार्ग पर जाने का प्रयास न करें।