यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हिमाचल में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी Priyanka Gandhi, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; जानें पूरा शेड्यूल
Priyanka Gandhi Himachal Visit कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा नौ व 10 सितंबर को हिमाचल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हिमाचल में नौ व 10 सितंबर को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। वह शिमला, कुल्लू-मनाली और मंडी जिले में जाएंगी। नौ सितंबर को शिमला पहुंचने के बाद सबसे पहले छराबड़ा स्थित अपने आवास जाएंगी।
प्रियंका के आने की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। वह आपदा पीड़ितों से मिलेंगी। प्रदेश सरकार ने आपदा में कैसा काम किया है, लोगों को राहत मिली है या नहीं इसका फीडबैक भी संगठन के पदाधिकारियों से लेंगी।
खराब मौसम के कारण रद्द हो गया था पहले का कार्यक्रम
प्रियंका का पहले भी तीन बार हिमाचल में आई आपदा के दौरान आने का कार्यक्रम था, लेकिन भारी वर्षा के कारण नहीं आ सकी थीं। 21 अगस्त को प्रियंका के सोलन पहुंचने का कार्यक्रम तय था। उनकी सुरक्षा व सहयोगी टीम 20 अगस्त को सोलन पहुंच गई थी।
प्रियंका को भी दिल्ली से रवाना होना था, लेकिन 21 अगस्त को वर्षा का रेड अलर्ट होने के कारण उन्हें कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी 16 अगस्त को हिमाचल आने वाले थे। उनका कुल्लू और मंडी में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का कार्यक्रम था, लेकिन भारी वर्षा के कारण दौरा स्थगित करना पड़ा था।